मऊ। गर्मी की छुट्टी के बाद शनिवार को माध्यमिक विद्यालय खुल गए। बारिश के बीच खुले माध्यमिक विद्यालयों में पहले दिन नाम-मात्र की ही उपस्थिति रही। हालांकि, विद्यालय आए विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल रहा। जिले में 16 राजकीय, 67 सहायता प्राप्त तथा 436 वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालय हैं। 40 दिन के ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद शनिवार से माध्यमिक विद्यालय खुल गए। रुक-रुक कर बरसात होने से सरकारी तथा सहायता प्राप्त विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति नाम मात्र ही रही। समस्त माध्यमिक विद्यालयों का संचालन पूर्वाह्न 6.50 बजे से 12.50 बजे तक होना है।
शिक्षा सत्र शुरू हो जाने से विद्यालयों में चहल पहल रही। वहीं, कई वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालयों में बच्चों की संख्या काफी कम रही। एक माह से अधिक समय बाद विद्यालय आए बच्चों ने एक दूसरे से छुट्टियों में पढ़ाई के संबंध में चर्चा की। राजकीय उमा विद्यालय चककुचाई में पहले दिन बच्चों की उपस्थिति कम रही। विद्यालय आए छात्र संजीव कुमार, सुरेश कुमार का कहना था कि पहले दिन कक्षाएं कम चलीं।
राजकीय उमा विद्यालय कुचाई के प्रधानाचार्य राम उग्रह प्रसाद का कहना था कि विद्यालय खुलने का पहला दिन तथा बारिश होने के चलते छात्रों की उपस्थिति कम रही। सोमवार से उपस्थिति बढ़ जाएगी।