घोसी। तहसील के बड़राव ब्लाक के करपिया मालिक के ग्रामीणों ने आयुक्त आजमगढ़ को ज्ञापन सौंपा। सौंपे गए ज्ञापन में गांव में विकास के नाम पर हुई अनियमितता की जांच कराने की मांग की।
आयुक्त को सौंपे पत्र में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान द्वारा गांव में जन कल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों में काफी अनियमितता बरती जा रही है। आरोप लगाया कि मनरेगा कार्यों में जहां फर्जीवाड़ा किया जा रहा है तो वहीं सौर ऊर्जा एवं हाई मास्क लाइटों के खरीद में भारी अनियमितता के अलावा इंडिया मार्का हैंड पंप के मरम्मत के नाम पर भी धांधली की जा रही है। आरोप लगाया कि इसको लेकर परियोजना निदेशक ,जिला विकास अभिकरण से शपथ पत्र के साथ शिकायती पत्र देकर जांच की मांग किया था। लेकिन किसी के द्ववारा उनके शिकायतों पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। ज्ञापन देने वालों में विजय, आशा, रहमान, सिंधु देवी, केशव चंद्र, शोएब अहमद, सूरज, दिलीप, रहमान, शाहजहां, जहांगीर आदि मौजूद रहे। इस संबंध में घोसी एसडीएम आशुतोष राय का कहना है कि जांच में जो भी दोषी होगा उसके विरुद्ध कार्यवाही होगी। साथ ही सरकारी धन की रिकवरी होगी।