इंदारा के जिला पंचायत (जिपं) सदस्य पर हुए हमले का मामले में पुलिस ने जिला पंचायत अध्यक्ष, पूर्व ब्लॉक प्रमुख सहित पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। कोपागंज के डाड़ी मोड़ के पास सोमवार को हुए घटनाक्रम के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
इंदारा के जिला पंचायत सदस्य जीतेंद्र गोयल ने सोमवार की शाम को पुलिस को तहरीर दी। बताया कि डाड़ी मोड़ के पास वह मऊ से वापस आ रहे थे कि उसी समय उसकी बाइक को रोककर छह हमलावरों ने मारपीट कर घायल कर दिया। आरोप है कि हमला कराने वालों में जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय और पूर्व ब्लॉक प्रमुख सर्वेश राय शामिल थे। सदस्य ने बताया कि जिला पंचायत अध्यक्ष पद को लेकर विवाद हुआ था। इस संबंध में हाईकोर्ट में याचिका विचाराधीन है। वहीं कोपागंज ब्लॉक सभागार में एक बैठक के दौरान योजनाओं में खर्च किए गए धन की समीक्षा की मांग की गई थी। इन सब कारणों से जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय व सर्वेश राय के इशारे पर हमला करने की साजिश रची गई।
जिला पंचायत सदस्य की तहरीर पर पुलिस ने मनोज राय, सर्वेश राय व 5 से 6 अज्ञात लोगों के खिलाफ अनुसूचित जाति जनजाति अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन में जुटी रही। इस संबंध में जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय ने कहा कि सभी आरोप निराधार है। जिस समय घटना हुई वह जिले से बाहर थे। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। वहीं, घटना के बाद जीतेंद्र गोयल की एक महिला के साथ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक फोटो वायरल होने लगी। जिसको लेकर जीतेंद्र गोयल ने कहा कि फोटो के साथ छेड़छाड़ करके वायरल किया गया है।
मामला संज्ञान में हैं, पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की है, पुलिस हर बिंदु पर जांच में जुटी है।-इलामारन जी एसपी मऊ