मृतक दिव्याशु त्रिपाठी। फाइल फोटो
- फोटो : reasi news
मऊ। थाना नगर कोतवाली क्षेत्र के गालिबपुर मोहल्ले में स्टेट हाईवे पर शनिवार की रात करीब 9:15 बजे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। सड़क गिरने के बाद ट्रक ने दिव्यांशु तिवारी (34) को कुचल दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। वो जिम करके घर जा रहे थे।
पिता विजय प्रकाश तिवारी की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। सरायलखंसी थाना क्षेत्र के उमापुर गांव निवासी विजय प्रकाश तिवारी बीएमएस की डिग्री के साथ बढ़ुआगोदाम में मेडिकल क्लीनिक चलाते हैं।
उनके बड़े बेटे दिव्यांशु तिवारी शहर के इमिलिया मोहल्ले में मेडिकल स्टोर चलाते थे। रोज की तरह शनिवार की शाम मेडिकल स्टोर से जिम करने ब्रह्मस्थान गए। जिम करने के बाद रात 9 बजे वो घर के लिए निकल गए। गालिबपुर में पहुंचे थे कि पीछे से आ रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी, इससे दिव्यांशु सड़क पर गिर गए। ट्रक उनके सिर को कुचलते हुए निकल गया।
लोगों ने एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजवाया। वहां जांच के बाद डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पिता ने बताया कि चार साल पहले बेटे की शादी हुई थी, लेकिन अभी बच्चे नहीं हैं।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पिता की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। भीटी चौराहा सहित आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही ट्रक चालक पकड़ लिया जाएगा।