मऊ। मिड डे मील योजना के तहत 2021 के मार्च से अगस्त तक के बकाए का भुगतान अब किया जाएगा। फरवरी 2022 में इसके लिए आदेश जारी किया गया था लेकिन प्राधिकरण ने धनराशि अब जारी की है। जिले के सरकारी विद्यालयों के बच्चों को कुपोषण से बचाने तथा शत प्रतिशत उपस्थिति के मद्देनजर मिड-डे-मील योजना शुरू की गई है।1450 स्कूलों में 1.90 लाख बच्चे हैं। विभाग प्राइमरी के छात्र-छात्राओं को 636 रुपये और जूनियर स्कूल के बच्चों को 901 रुपये देगा। इसमें गर्मी की छुट्टियों का खाद्य सुरक्षा भत्ता भी शामिल है। भत्ते के अलावा राशन भी दिया जाएगा लेकिन, राशन केवल कोविड-19 के कारण स्कूल बंद करने का दिया जाएगा। प्राइमरी स्कूल के विद्यार्थियों को 94 दिन का 9.4 किलो राशन (3.2 किलो गेहूं व 4.35 किलो चावल) और जूनियर के विद्यार्थियों को 13.05 किलो (4.35 किलो गेहूं व 8.70 किलो चावल) राशन दिया जाना है। अधिकारी इसकी निगरानी करेंगे और अभिभावकों से संवाद कर खाद्य सुरक्षा भत्ता व राशन वितरण मिलने की पुष्टि करेंगे। जिला समन्वयक एमडीएम पीयूष कुमार पांडेय ने बताया कि मिड डे मील योजना के तहत 2021 के मार्च से अगस्त तक के बकाए का भुगतान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।