नगर के सहादतपुरा स्थित स्पोर्ट्स ग्राउंड पर दिवंगत विजय शंकर दुबे स्मृति द्विपक्षीय क्रिकेट प्रतियोगिता का तीसरा मुकाबला मंगलवार को सहोदरा देवी क्रिकेट एकेडमी, सलेमपुर और वेदांत क्रिकेट क्लब, मऊ के बीच खेला गया।
इसमें मऊ ने सलेमपुर को 8 विकेट से हराया। इसी के साथ वेदांत क्रिकेट क्लब ने प्रतियोगिता में 3-0 से क्लीन स्वीप किया। मैच में वेदांत क्रिकेट क्लब, मऊ के कप्तान जियाउर्रहमान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए सहोदरा देवी क्रिकेट एकेडमी, सलेमपुर की टीम ने निर्धारित 40 ओवरों में 9 विकेट खोकर 289 रन बनाए। टीम की ओर से अनिल यादव ने नाबाद 53 रन, श्याम यादव ने 47 रन, ईशान वर्मा ने 44 रन, शिवम यादव ने 31 रन, प्रियांशु रावत ने 20 रन और गगन ने 16 रनों का योगदान दिया। इसके अलावा टीम को 54 रन अतिरिक्त के रूप में मिले।
वेदांत क्रिकेट क्लब, मऊ की ओर से गेंदबाजी करते हुए आर्यन प्रजापति ने 2 विकेट लिए, जबकि विराट सिंह, अंबुज सिंह, आदर्श यादव और शिवम पाल को 1-1 विकेट मिला। दो बल्लेबाज रन आउट हुए।
290 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेदांत क्रिकेट क्लब ने तेज शुरुआत की। पहले विकेट के लिए आर्यन प्रजापति और नदीम अहमद (31 रन) के बीच अच्छी साझेदारी हुई। इसके बाद पवन यादव ने 63 रनों की शानदार पारी खेली।
अंत में अंबुज सिंह ने लगातार चार छक्के लगाकर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। उन्होंने नाबाद 28 रन बनाए। इस तरह मऊ ने 8 विकेट से मैच जीतकर सीरीज पर कब्जा कर लिया। आर्यन प्रजापति 143 रन बनाकर नाबाद रहे।
सलेमपुर की ओर से गेंदबाजी में अनिल यादव और प्रियांशु रावत को 1-1 विकेट मिला। आर्यन प्रजापति को उनके शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन (नाबाद 143 रन और 2 विकेट) के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।
मैच में अंपायरिंग शेखर सरोज व राज सिंह राजपूत ने की, जबकि स्कोरिंग की जिम्मेदारी प्रवीण चौरसिया ने निभाई। सीरीज पर कब्जे के साथ आर्यन प्रजापति को ‘बेस्ट बैट्समैन ऑफ द टूर्नामेंट’ चुना गया, जिन्होंने तीन मैचों में कुल 192 रन बनाए।
मैच में 5 रन आउट कराने वाले कप्तान जियाउर्रहमान को ‘बेस्ट फील्डर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार मिला। वहीं, प्रतियोगिता में 5 विकेट लेने वाले अंबुज सिंह ‘बेस्ट बॉलर ऑफ द टूर्नामेंट’ बने।
शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन (192 रन और 4 विकेट) के लिए आर्यन प्रजापति को ‘मैन ऑफ द सीरीज’ के खिताब से नवाजा गया। समापन समारोह में विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
इस दौरान अनुज यादव, शैलेंद्र सिंह, सुंदरम दुबे, प्रवीण चौरसिया, शेखर सरोज, जीशान अहमद और राज रतन उपस्थित रहे।