मऊ। दशहरा, दीपावली और छठ पूजा पर होने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे की ओर से चलाई जा रही मऊ-सूरत पूजा स्पेशल ट्रेन 6 फेरे लगाएगी। इससे गुजरात से आने वाले यात्रियों को सहूलियत होगी।
गुजरात से आने वाली ट्रेनों में त्योहार पर वेटिंग लिस्ट देख रेलवे ने मऊ से सूरत के लिए मऊ-सूरत-मऊ पूजा स्पेशल (05017/05018) ट्रेन चलाने की घोषणा की। मऊ से 27 सितंबर से एक अक्तूबर तक प्रत्येक शनिवार को और सूरत से 28 सितंबर से दो नवंबर तक प्रत्येक रविवार को छह फेरे लगाएगी। जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि मऊ सूरत साप्ताहिक पूजा स्पेशल (05017) 27 सितंबर से हर शनिवार को सुबह 5:30 बजे मऊ से रवाना होगी। बेल्थरा रोड, सलेमपुर, भटनी, देवरिया सदर, गोरखपुर, खलीलाबाद, बस्ती, गोंडा, बाराबंकी, बादशाहनगर, ऐशबाग, कानपुर सेंट्रल, टुंडला, ईदगाह आगरा, बयाना, गंगापुर सिटी, दूसरे दिन कोटा, भवानी मंडी, शामगढ़, नागदा, रतलाम, बड़ोदरा होते हुए दोपहर 12:15 बजे सूरत पहुंचेगी। फिर उसी दिन दोपहर 3:05 बजे सूरत से रवाना होगी और अगले दिन रात में 10:30 बजे मऊ जंक्शन पहुंचेगी। बुकिंग शुरू होते ही ट्रेन की आने और जाने वाली सीटें फुल हो गई हैं। 27 सितंबर को मऊ से जाने वाली ट्रेन में 93 और वहां से 28 सितंबर को आने वाली ट्रेन में 55 वेटिंग पहुंच गई है। इसके अलावा मऊ से सूरत के लिए मुजफ्फरनगर-सूरत-मुजफ्फरनगर एक्सप्रेस (19053/19054), गोरखपुर-बांद्रा टर्मिनस-गोरखपुर हमसफर एक्सप्रेस (19045/19046), सूरत-छपरा-सूरत ताप्ती गंगा एक्सप्रेस (19091/19092) ट्रेनें गुजरती हैं। इनमें से ताप्ती गंगा एक्सप्रेस इन दिनों निरस्त है।