हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोग
- फोटो : अमर उजाला
मऊ जिले की सरायलंखसी थाना क्षेत्र के सिंधी बाबा कूटी के पास शनिवार की सुबह कार चालक को झपकी आने से कार बेकाबू होकर साइकिल सवार को टक्कर मारते हुए दीवार से जा टकराई। हादसे में कार में सवार दूल्हा-दूल्हन के साथ चार लोग घायल हो गए। उधर, सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने चारों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
ये है मामला
जानकारी के अनुसार दुल्हा अरूण कुमार (25) प्रयागराज जनपद के नैनी थाना क्षेत्र के टांका गांव का निवासी है। शुक्रवार को उसकी शादी बलिया जनपद के नगरा थाना क्षेत्र के कसौंडर गांव की रिया के साथ हुई। शनिवार को दुल्हन की विदाई करा कर लौट रहा था। कार अभी मऊ जनपद के सरायलखंसी थाना क्षेत्र के ताजोपुर गांव स्थित सिंधी बाबा की कुटी के पास पहुंची ही थी।
इसी बीच ड्राइवर को झपकी आ गई और कार बेकाबू होकर एक साइकिल सवार को टक्कर मारते हुए सड़क किनारे दीवार में टक्करा गई। हादसे के समय कार की रफ्तार तेज होने के चलते टक्कर इतनी तेज हुई गाड़ी का दोनों एयर बैग खुल गया। कार में सवार दुल्हा अरूण, दुल्हन रिया, दुल्हन की बहन खुशबू और ड्राइवर संतोष कुमार घायल हो गए।
साथ ही साइकिल सवार सरायलखंसी थाना क्षेत्र के ताजपुर उस्मानपुर गांव निवासी राम गिरीश (45) गंभीर रूप से घायल हो गया। घायलों की चीख पुकार सुनकर आस पास के लोगों ने एबुलेंस और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां कार ड्राइवर संतोष, दूल्हा अरूण और साइकिल सवार राम गिरीश की हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने बीएचयू रेफर कर दिया है।