बढुआ गोदाम। सरायलखंसी थाना क्षेत्र के बढुआ गोदाम बाजार स्थित बीयर की दुकान में मंगलवार की रात हथियारों से लैस पांच चोरों ने दुकान के शटर का ताला तोड़कर एक लाख पैंतीस हजार की 52 पेटी बीयर चुरा ली। वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सेल्समैन की तहरीर पर पुलिस अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच में जुट गई है। सरायलखंसी थाना क्षेत्र के बेलचौरा गांव निवासी आशीष चौहान की बढुआ गोदाम बाजार में लाइसेंसी बीयर की दुकान है। इसी से सटे मनोज कुमार सिंह की सरकारी देशी शराब की लाइसेंसी दुकान है। बीती रात चोरों ने पहले देशी शराब की दुकान का ताला तोड़ने का प्रयास किया। लेकिन सफलता नहीं मिली तो बगल की बीयर की दुकान के शटर का ताला तोड़ दिया। दुकान में रखी 52 पेटी बियर चोर उठा ले गए। दुकानदार ने बताया कि चोरी गई बीयर की कीमत एक लाख पैंतीस हजार रुपये है। बुधवार की सुबह आशीष चौहान कोघटना की जानकारी मिली तो सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने जांच-पड़ताल में दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे को देखा तो रात दो बजे पांच हथियार बंद लोग दुकान के शटर का ताला तोड़कर उसमें रखी बीयर की पेटी ले जाते दिखाई दिए। सेल्समैन अरविंद यादव की तहरीर पर पांच अज्ञात के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।