नगर के सहादतपुरा में पटरी दुकानदारों द्वारा और गाड़ियां खड़ी होने के बाद हुआ सड़क पर अतिक्रमण।
- फोटो : MAU
मऊ। नगर के छह प्रमुख चौराहों और तिराहों पर जाम अतिक्रमण के चलते लोग पांच मिनट का रास्ता 25 मिनट में तय कर पा रहे। रविवार को छोड़कर सप्ताह के छह दिनों में इस समस्या से दो चार होना आम बात है। सुबह और शाम को स्थिति और बिगड़ जा रही। सड़क घेरकर खड़े होने वाले ठेले, नो पार्किग में खड़े वाहन और दुकान होने के बाद भी सड़क किनारे बने फुटपाथों पर अपना सामान रखे दुकानदार जाम के मुख्य कारक है। सड़क किनारे प्रतिष्ठानों में पार्किग के नाम पर तलघर तो बने हैं लेकिन यहां पार्किंग के जगह दुकानें संचालित हो रही हैं। ऐसे में इन प्रतिष्ठानों में आने वाले लोग वाहनों को मजबूर में सड़क पर खड़ा कर रहे हैं। ऐसे में अधिकारियों की लापरवाही लोगों पर भारी पड़ रही है। गाजीपुर तिराहा, भीटी चौराहा, आजमगढ़ मोड़, बाल निकेतन तिराहा, फातिमा चौराहा तथा मिर्जा हादीपुरा चौराहा पर सप्ताह के छह दिनों जाम की भीषण समस्या बनी रहती है। सोमवार से शनिवार तक यह समस्या से दिन भर मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालक जूझते रहते हैं। गाजीपुर तिराहा, आजमगढ़ मोड़ तिराहा, फातिमा चौराहा पर सुबह तथा शाम के समय स्कूलों, कार्यालयों के छुट्टी होने पर स्थिति ओर बदतर हो जाती हैं। नगर पालिका ने जाम से निजात दिलाने के लिए आजमगढ मोड़ से लेकर बालनिकेतन तिराहा तक सड़क पर डिवाइडर बनवाया था। लेकिन फुटपाथों पर दुकानदारों का कब्जा, पटरी पर ठेलें लगाने वाले तो बाजार में आने वाले ग्राहक अपने वाहन सड़क किनारे पार्क करने लगे। ऐसे में चौड़ी सड़क भी संकरी हो गई। जो जाम का सबब बन रही। इस रूट से हर घंटे रोडवेज बसें भी गुजरती हैं ऐसे में यहां रुक-रुक कर जाम की स्थिति बनना आम बात है। वहीं बाल निकेतन तिराहा पर यह समस्या रेलवे क्रासिंग पर ट्रेनों के गुजरने पर फाटक बंद होने से होती है। जबकि मिर्जाहादीपुरा चौराहा पर अतिक्रमण तथा आड़े तिरछे पार्किग के चलते। नगर पालिका अध्यक्ष तैयब पालकी ने बताया कि फुटपाथ पर कब्जा तथा अतिक्रमण को लेकर नगर पालिका अमला द्वारा पुलिस प्रशासन की मदद लेकर जल्द ही अभियान चलाया जाएगा।