मुहम्मदाबाद गोहना। जमालपुर स्थित देवरानी जेठानी पोखरा पर रविवार को कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। जिसमें पहलवानों ने कई दांव आजमाए। महिला पहलवानों की कुश्ती आकर्षण का केंद्र रही। दंगल का उदघाटन बतौर मुख्य अतिथि कस्बा के प्रसिद्ध शल्य चिकित्सक डॉ. प्रवीण मद्धेशिया ने किया। कहा कि कुश्ती भारत की प्राचीन विधाओं में से एक है। कहा कि हमारा देश पहले कुश्ती के क्षेत्र में काफी नामचीन रहा है। कहा कि कुश्ती एक ऐसी विधा है जिसमें दांवपेच के साथ ही अपने विरोधियों को परास्त करने को लेकर बल का प्रयोग किया जाता है। उन्होंने कहा कि कुश्ती अब पारंपरिक तरीकों से हटकर आधुनिक तरीके से लड़ी जा रही है। दंगल में आजमगढ़, मऊ, गाजीपुर, बलिया, वाराणसी, गोरखपुर आदि जनपदों से आए पहलवानों ने अपने दांवपेच से लोगों को अचंभित कर दिया। बनारस और मऊ के पहलवानों की कुश्ती आकर्षण का केंद्र रही। हालांकि अधिकांश कुश्ती बराबरी पर छूटी । मुहम्दाबाद गोहना के विख्यात हवलदार पहलवान की कुश्ती के प्रति लोगों का आकर्षण सिर चढ़ कर बोला। कुश्ती दंगल में पांच जोड़ी महिला पहलवानों ने भी जोर आजमाइश की। मेला में दूरदराज से आए लोगों ने जमकर लुफ्त उठाया और खरीदारी की। आयोजक प्रदीप मद्धेशिया, सुभाष यादव, संजय चौहान आदि पहलवानो व आगन्तुकों का आभार जताया। लालजी वर्मा डॉ. पवन मद्धेशिया आदि उपस्थित रहे।