हलधरपुर थाना क्षेत्र के मुबारकपुर पेट्रोल पंप के पास बस की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत के बाद
- फोटो : MAU
रतनपुरा। स्थानीय बाजार के पूर्वी छोर पर मुबारकपुर गांव के पास स्टेट हाइवे पर स्थित पेट्रोलपंप के पास बुधवार की शाम चार बजे बलिया की ओर से आ रही एक निजी के टक्कर से 22 वर्षीय एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक बाजार से पेट्रोल लेने के लिए सामने जा रहे टेंपो को ओवर टेक कर रहा था कि बस की चपेट में आ गया। निजी बस रोडवेज से अनुबंधित है और बलिया से लखनऊ जा रही थी। घटना के बाद बस चालक और कंडक्टर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है। यात्रियों को दूसरी बस से गंतव्य के लिए रवाना किया गया। रतनपुरा बाजार निवासी अरुण सैनी पुत्र श्री कांत जिम का संचालन करता था। बुधवार की शाम लगभग चार बजे अरुण बाइक से मुुबारकपुर के पास स्थित एक पेट्रोल पंप से तेल लेने जा रहा था। पेट्रोल पंप के पास पहुंचते ही सामने जा रहे टेंपो को ओवर टेक कर अरुण जैसे ही दाहिनी तरफ मुड़ा, त्यों ही बलिया की ओर से आ रहे रोडवेज से अनुबंधित नीजी बस ने उसे जोरदार ठोकर मार दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सहित युवक 50 मीटर तक बस के साथ घिसटता चला गया। बस के धक्के से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बस छोड़कर चालक और कंडक्टर फरार हो गए। हादसे की जानकारी होते ही मौके पर बाजारवासियों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस चौकी प्रभारी भी दल बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की जानकारी पाकर अरुण की मां लीलावती रेेती बिलखती घटना स्थल पर पहुंच गई। मृतक का बड़ा भाई अनूप और पिता श्रीकांत करुण क्रंदन कर रहे थे। मृतक की दो विवाहिता बड़ी बहनें गुड्डी और संजू भी रोती बिलखती घर पहुंचीं। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया। उधर बस यात्रियों को दूसरी बस से गंतव्य के लिए भेजा गया। कस्बा निवासी अरुण कुमार सैनी अपने मित्र साइबर कैफे संचालक आशुतोष कुमार को साथ लेकर रसड़ा जाना चाहता था। परंतु आशुतोष व्यस्त होने के नाते जा नहीं सका। जबकि अरुण अकेले ही रसड़ा रवाना हो गया। लेकिन आगे मौत उसका इंतजार कर रही थी। वह घर से कुछ मीटर आगे बढ़ा था कि हादसे का शिकार हो गया।