बढुआ गोदाम। दोहरीघाट थाना क्षेत्र के अहिरानी गांव के पास शनिवार की सुबह डीसीएम और बाइक की आमने सामने टक्कर में बाइक सवार चाचा भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गए। चाचा की मौत इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाते समय रास्तें में हो गई। भतीजा भी जीवन और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। दोनों मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के कृपालपुर भातकोल गांव निवासी हैं। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेते हुए वाहन को कब्जे में ले लिया। जबकि देर शाम को चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। कृपालपुर भातकोल गांव निवासी राजू 18 पुत्र स्व. विक्रम राम अपने भतीजे आकाश 15 पुत्र श्याम चरण के साथ दोहरीघाट निवासी अपनी बहन के यहां राखी लेकर जा रहे थे। अहिरानी गांव के पास सामने से आ रही अनियंत्रित डीसीएम ने बाइक में टक्कर मार दिया। इस दुर्घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दोहरीघाट में भर्ती कराया। हालत गंभीर देख चिकित्सक ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल आते समय राजू की रास्ते में मौत हो गई जबकि आकाश की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल के डाक्टरों ने उसे वाराणसी रेफर कर दिया। पुलिस ने डीसीएम ने चालक हिरासत में लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया है।