बढुआ गोदाम। सरायलखंसी थाना क्षेत्र के कोटवां गांव के पास गुरुवार की सुबह स्कूली छात्रों से भरे ऑटो में ैजिक ने पीछे से टक्कर मार दिया। जिससे ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। इससे सवार तीन छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अन्य छात्रों को चोटे आईं। हादसे की खबर मिलते ही स्कूल स्टॉफ और छात्रों के अभिभावक मौके पर पहुंचे और उन्हें जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया। एक छात्र की गंभीर हालात देखते हुए चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद बीएचयू रेफर कर दिया। सरायलखंसी थाना क्षेत्र के ताजोपुर स्थित फातिमा स्कूल में पढ़ने वाले 14 छात्रों को लेकर ऑटो गुरुवार की सुबह सात बजे स्कूल आ रहा था। ऑटो अभी कोटवा गांव के पास पहुंचा था कि एक दूूसरे स्कूल की मैजिक वाहन ने ऑटो में पीछे से टक्कर मार दिया। टक्कर लगने से ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसा होते ही चीखपुकार मच गई। बच्चों की चीख सुनकर उधर से गुजर रहे लोग उस ओर दौड़ पड़े। ऑटो में सवार छात्र आदित्य मौर्य पुत्र ओमप्रकाश, श्रीजन वर्मा पुत्र विद्याधरऔर सावंत सिंह पुत्र रंजीत घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही कुछ देर में स्कूल के स्टॉफ तथा छात्रों के अभिभावक मौके पर पहुुंच गए। आनन फानन में ऑटो से घायलों को बाहर निकाला और जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने छात्र सावंत सिंह पुत्र रंजीत गंभीर स्थिति देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बीएचयू रेफर कर दिया। जबकि दो अन्य घायल छात्रों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। घटना में ऑटो चालक और अन्य छात्र मामूली रूप से घायल हो गए।