परदहा ब्लाक के खरगजेपुर पंचायत भवन पर छुट्टा पशुओं से परेशान होकर प्रदर्शन करते किसान।
- फोटो : MAU
पिपरीडीह। छुट्टा पशुओं से निजात दिलाने की मांग को लेकर गुरुवार को परदहा ब्लाक के कई गांवों के ग्रामीणों ने खरगजेपुर पंचायत भवन पर प्रदर्शन किया। ो घंटे तक चलते विरोध प्रदर्शन के बाद बीडीओ ने किसानों को समस्या के संबंध में जल्द ही निस्तारण करने का आश्वासन दिया। किसानों ने दस दिन में समस्या का निस्तारण ना होने पर ब्लाक मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी। खेतों में छुट्टा पशुओं के आतंक से परेशान परदहा ब्लाक क्षेत्र के भार, खरगजेपुर, पिपरीडीह, मजखनी, फुलवरिया, सुवराबोझ सहित कई गांवों के किसान खरगजेपुर ग्राम के पंचायत भवन पहुंचे और पंचायत भवन पर घंटो प्रदर्शन किया। इस दौरान पशुओं की समस्या को निस्तारण करने में लापरवाही का आरोप लगाकर जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। किसानों का आरोप था कि छुट्टा पशुओं पर कोई नियंत्रण ना होने के चलते पशु खेतों में घुसकर उनके फसलों को बर्बाद कर रहे हैं। बोले कि प्रशासन छुट्टा पशुओं के रखरखाव के लिए प्रशासन ग्राम पंचायतों में पशु चारागाह आदि की जगह पर अस्थायी पशु आश्रय स्थल का निर्माण करा रहा है, लेकिन अभी भी कई ग्राम पंचायतें ऐसी हैं, जिनमें पशु आश्रय स्थल का निर्माण नहीं हो सका है। आरोप लगाया कि ब्लाक के खरगजेपुर, भार,पिपरीडीह, हासपुर सहीत बिभिन्न गांवो में अभी तक अस्थायी पशु आश्रय स्थल न बनाए जा सका है। उधर किसानों के प्रदर्शन की जानकारी पर बीडीओ ने दूरभाष के माध्यम से शीघ्र ही समस्या का निस्तारण का आश्वासन दिया। जिसके बाद ग्रामीण शांत हुए, हांलाकि ग्रामीणों ने चेताया कि दस दिन के भीतर समस्या का निस्तारण ना होने पर वो ब्लाक मुख्यालय पर प्रदर्शन करेंगे। प्रदर्शन करने वालो में राधेमोहन सिंह, संजय सिंह, सुनिल सिंह, ककू शर्मा, नीरज शर्मा, रामऔतार, जगदीश, गीरीश, जगरनाथ, अमरनाथ सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।