मधुबन तहसील परिसर में एसडीएम के वाहन के सामने कम्बल के लिए धरना-प्रदर्शन करतें महिलाएं ।
- फोटो : MAU
मधुबन। तहसील प्रशासन की तरफ से बांटे जाने वाले कंबलों का सच शुक्रवार को उस समय सामने आया, जब मधुबन बाजार के साथ आस-पास गांवों के असहाय और दिव्यांग कंबल न मिलने से नाराज होकर उपजिलाधिकारी लालबाबू दुबे के वाहन के सामने धरना दिए। इस दौरान दिव्यांगों ने जमकर नारेबाजी किया। इसके बाद उपजिलाधिकारी ने धरना प्रदर्शन कर रहे असहायों को समझा बुझा कर शांत कराया । साथ ही बीआरसी परिसर पर राजस्व कर्मियों के माध्यम से 200 असहायों व विकलांगो को कंबल वितरित कराया । कंबल मिलने पर गरीबों के चेहरे पर खुशी की लहर दौड़ गई । सर्द हवाओं के बहने के कारण गरीब परिवारों को रात काटना मुहाल हो गया है। वहीं तहसील प्रशासन कुछुए की चाल से कंबल वितरण करने का काम कर रहा। इसका परिणाम है कि अभी जरूरतमंदों और असहायों को कंबल नहीं मिल रहा। इससे नाराज होकर शुक्रवार को सैकड़ों जरूरतमंद महिला और पुरूष तहसील मुख्यालय पहुंच कर धरना प्रदर्शन किए। उपजिलाधिकारी ने कंबल वितरण के लिए राजस्व कर्मियों की टीम को निर्देशित करते हुए 200 असहायों को कंबल वितरित कराया । बात करने पर उपजिलाधिकारी लालबाबु दुबे ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरुप असहायों तक कंबल मुहैया कराने के लिए तहसील प्रशासन कटिबद्ध है। इस अवसर पर लेखपाल संघ के मंत्री विवेक राय ,जयप्रकाश यादव ,ओमप्रकाश राम आदि रहे।