मऊ। बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत शिक्षक नेताओं से दुर्व्यवहार किए जाने मामले में बीएसए के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के तत्वावधान में राज्य कर्मचारियों ने एक घंटा अधिक कार्य कर विभागीय कार्यालयों पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन करने के बाद राज्य कर्मचारियों की बैठक टीबी क्लीनिक परिसर में हुई। इसमें बुधवार को प्रस्तावित कार्यबहिष्कार को स्थगित करने का निर्णय लिया गया। साथ ही कलेक्ट्रेट पर बुधवार को श्रमिक समन्वय समिति की तरफ से आयोजित धरने में शामिल होकर मामले को उठाया जाएगा। साथ ही मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा जाएगा। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिला मंत्री अविनाश सिसोदिया ने बीएसए पर आरोप लगाते हुए कहा कि उप्र प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष कृष्णानंद राय द्वारा शिक्षक समस्याओं को लेकर बीएसए से वार्ता करने के दौरान बीएसए द्वारा रिवाल्वर तानने की घटना की जितनी निंदा की जाए कम ही है। फर्जी आरोप लगाकर सहायक अध्यापक अंजनी सिंह को निलंबित कर शिक्षकों को बेवजह परेशान किया जा रहा है। कहा कि शिक्षक नेता कृष्णानंद राय तथा अंजनी सिंह प्रकरण मामले में प्रभारी मंत्री10 जनवरी तक जिला प्रशासन से रिपोर्ट मांगकर उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया है। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के तिवारी गुट के अध्यक्ष रामाश्रय यादव ने कहा कि आठ जनवरी को श्रमिक समन्वय समिति का धरना प्रस्तावित है। धरने के माध्यम से जिला बेसिक षिक्षा अधिकारी द्वारा किए गए कृत्यों को धरने के माध्यम से जिलाधिकारी को अवगत कराया जाएगा। इस अवसर पर राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष पीएन सिंह,सतीश सिंह, कर्मचारी शिक्षक संयुक्त मोर्चा के अध्यक्ष डॉ. सर्फराज अहमद सहित तमाम पदाधिकारी शामिल रहे।