मऊ। घोसी विधानसभा क्षेत्र उपचुनाव के लिए 21 को मतदान कराया जाएगा। इसके लिए शनिवार को चुनाव प्रचार थम गया है। अब अगले 24 घंटे तक प्रत्याशी और समर्थक डोर टू डोर जनसंपर्क में जुट गए हैं। वहीं, जिला निर्वाचन ने भी रविवार को पोलिंग पार्टियों को रवाना करने की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। जिन्हें घोसी तहसील मुख्यालय से चुनावी सामग्रियां देकर मतदान केंद्रों पर रवाना किया जाएगा। देर शाम तक चुनाव में लगे कर्मचारी अपने-अपने कार्यों में जुटे रहे। घोसी विधानसभा क्षेत्र में उप चुनाव के तहत 21 अक्तूबर सोमवार को मतदान होगा। इस दौरान 4,23952 मतदाता 14 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। सोमवार को 454 बूथों पर सुबह सात से शाम छह बजे वोटिंग की जाएगी। इसके लिए रविवार को पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी। लिहाजा शनिवार को चुनाव प्रचार का अंतिम दिन था। ऐसे में सभी दलों की ओर से प्रचार के लिए पूरी ताकत झोंक दी गई थी। सभी प्रत्याशी जनसंपर्क में लगे रहे। घोसी विधानसभा क्षेत्र में चार लाख 23 हजार 952 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसके लिए विधानसभा क्षेत्र को चार जोन तथा 27 सेक्टर में बांटा गया है। इसके लिए 227 मतदान केंद्र तथा 454 बूथ बनाए गए हैं। शनिवार को प्रचार बंद होने के साथ ही प्रशासन की ओर से तैनात किए गए मजिस्ट्रेट एक्टिव हो गए हैं। वहीं, उप चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के क्रम में 27 सेक्टर मजिस्ट्रेट, चार जोनल मजिस्ट्रेट तथा 121 माइक्रोआब्जर्वर की तैनाती की गई है।