मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के शेखवलिया गांव के पूर्व प्रधान बिजली यादव की हत्या के बाद घ?
- फोटो : MAU
वलीदपुर। शेख वलिया गांव के पूर्व प्रधान बिजली यादव इस बार प्रधानी का चुनाव लड़ने वाले थे। इससे पहले वह 2010 से 15 के बीच प्रधान रहे थे। मिलनसार और हंसमुख बिजली सभी के दुख दर्द में हमेशा शरीक रहते थे। यही वजह थी कि उनकी हत्या से सभी मर्माहत थे। हालत यह रही कि परिजनों का बिलखना देख वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गई थीं। उधर, हत्या की सूचना पर सपा नेता के पूर्व विधायक, पूर्व जिलाध्यक्ष समेत कई कार्यकर्ता उनके आवास पहुंचे साथ ही शवयात्रा में भी शामिल हुए। रविवार को पूर्व प्रधान की हत्या की खबर कुछ ही देर में पूरे जिले में फैल गई। घटना की जानकारी सपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष धर्मप्रकाश यादव को मिली तो उन्होंने कोतवाल से लेकर एसपी तक को घटना की सूचना दी और खुद भी मौके पर पहुंच गए। इसके साथ ही हत्या की सूचना पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को दी। 2010 से 2015 तक प्रधान रहे बिजली यादव इस बार भी प्रधानी का चुनाव लड़ने की तैयारी में जुटे थे। धर्मप्रकाश यादव ने कहा कि जनपद में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। पूर्व विधायक सुधाकर सिंह, बैजनाथ पासवान और पूर्व जिलाध्यक्ष शैलेंद्र यादव साधू , शिवप्रताप यादव मुन्ना, अल्ताफ अंसारी, वीरेंद्र चौहान आदि सपा नेताओं और ग्राम प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष विवेकानंद यादव ने घटनास्थल पर पहुंचकर हत्या पर आक्रोश जताया। सपा नेताओं ने घटना की नंदा करते हुए जल्द खुलासा करने और हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। पूर्व प्रधान की हत्या की खबर मिलते ही पूर्व प्रधान की बुजुर्ग मां, उनकी पत्नी मीना, बेटियां स्मृति, ज्योति, आकृति, तृप्ति और अंकिता बिलखते रहे। सबसे छोटा बेटा दो साल का नन्हा विद्युत अपनी मां और बहनों को रोते बिलखते देख खुद भी रोता रहा।