मऊ। थाना क्षेत्र के रामपुर बखरिया गांव की राजभर बस्ती में दरवाजे पर सो रहे 65 वर्षीय वृद्ध की हत्या का खुलासा पुलिस ने शुक्रवार को कर दिया। बलिराम की प्रेम प्रपंच के चलते हत्या की गई थी। मृतक के परिवार की एक युवती से गांव के दो बच्चों के पिता से अवैध संबंध था। अवैध संबंधों में बाधा बन रहे बुजर्ग को प्रेमी ने गला रेतकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने हत्यारे प्रेमी को गिरफ्तार कर कर उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बांका भी बरामद किया। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया। रानीपुर थाने पर प्रेसवार्ता में सीओ मुहम्मदाबाद गोहना नंदलाल ने बताया कि बलिराम की हत्या के बाद पुलिस की कई टीमों को घटना के खुलासे के लिए लगा दिया गया था। मृतक के परिवार की एक युवती का मोबाइल भी सर्विलांस पर लगा था। उसके मोबाइल पर सूर्य प्रकाश के मोबाइल से काफी काल आई थी। घटना की रात सूर्यप्रकाश की कई काल आई थी। पुलिस ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखनी शुरु कर दिया। पुलिस ने कई कोणों से जांच कर रही थी। बताया कि शुक्रवार की सुबह करपिया मोड़ से पुलिस ने सूर्यप्रकाश को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसे बलिराम की हत्या की बात कबूल कर ली। बताया कि प्रेम संबंध में बुजुर्ग आड़े आ रहा था। इसीलिए उसकी हत्या कर दी। उसकीी निशान देही पर पुलिस ने उमती गांव के पास स्थित उसकी वेल्डिंग की दुकान से हत्या में प्रयुक्त बांका बरामद कर लिया।