पुलिस लाइन सभागार में सैनिक सम्मेलन और अपराध समीक्षा बैठक को संबोधित करते एसपी अनुराग आर्य।
- फोटो : MAU
मऊ। पुलिस लाइन सभागार में बुधवार की देर शाम पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य की अध्यक्षता में सैनिक सम्मेलन/अपराध समीक्षा गोष्ठी का आयोजन किया गया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को अपने अपने क्षेत्र में असमाजिक तत्वों पर निगाह रखने के निर्देश दिए। चेताया कि अगर किसी क्षेत्र में कोई घटना घटती है तो संबंधित क्षेत्र के पुलिस अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सबसे पहले पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने पुलिस अधिकारियों से उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। बैठक को संबोधित करते हुए कहा आगामी त्यौहारों को सकुशल संपन्न कराने हेतु अपने क्षेत्रों में पीस कमेटी की मीटिंग, दुर्गा पूजा पंडालों और रामलीला स्थलों का अनिवार्य रूप से निरीक्षण करें। कोई नई परम्परा न शुरु की जाय इसका विशेष ख्याल रखें। जिले में लागू आचार संहिता का सही से अनुपालन करने का निर्देश दिया। उन्होेंने जेल से जमानत पर हा होने वाले अपराधियों पर निगरानी और वांछित/वारंटियों की गिरफ्तारी करने का निर्देश दिया। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र कुमार श्रीवास्तव, सीओ सिटी राजकुमार, सीओ मधुबन श्वेता आशूतोष ओझा, सीओ मुहम्मदाबाद गोहना के नंदलाल, सीएफओ सुभाष कुमार सहित सभी थाना प्रभारी मौजूद रहे।