कोपागंज। थाना क्षेत्र के हुसैनाबाद मुहल्ले में विवादित जमीन की पैमाईश उच्च न्यायालय के आदेश पर भारी फोर्स की मौजूदगी में की गई। पैमाइश के बाद मौके पर पत्थर नसब किए जाने के दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी नोक झोंक भी हुई। लेकिन भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती होने से कोई पक्ष विरोध नहीं कर सका।
बताते चले कोपागंज थाने के कुर्थीजाफरपुर चौकी क्षेत्र के हुसैनाबाद मुहल्ले में लंबे समय से शहंशाह और केदार के बीच जमीन का विवाद चल रहा था। इस विवाद का हल कराने के लिए एक पक्ष ने हाई कोर्ट में अपील किया।कोर्ट ने सुनवाई करते हुए विवादित जमीन की पैमाईश कराने का आदेश जारी किया। इस आदेश का अनुपालन कराने के लिए शनिवार को तहसीलदार सदर ओपी त्रिपाठी राजस्व कर्मी आत्माराम , रामशीष, ज्ञानचंद , शैलेश ,राजेश कुमार , रामप्रीत पासवान के साथ कोपागंज थाने पहुंचे। यहां थानाध्यक्ष विनय सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल विवादित जमीन की पैमाईश कराई।