मुहम्मदाबाद गोहना। कोतवाली क्षेत्र के कस्बा मुहम्मदाबाद गोहना के कबीराबाद स्थित जमालपुर मुहल्ला में शनिवार को एक नव विवाहिता का शव बंद कमरे में पंखे से लटकता मिला। सुसराल वालों ने इसकी सूचना पुलिस को देते हुए दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़वाकर शव को नीचे उतरवाया। इसके साथ ही जांच पड़ताल करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। वहीं, घटना को संदिग्ध मानते हुए पुलिस ने मृतका के पति सहित दो को हिरासत में ले लिया है।
क़स्बा के कबीरा बाद मोहल्ला निवासी अविनाश राजभर पुत्र रामकुंवर रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में पानी का बोतल और अन्य सामान बेचकर जीवन यापन करता है। अविनाश की शादी मई 2018 में कोपागंज थाना क्षेत्र के कसारा गांव निवासी लाल बिहारी की पुत्री वंदना (22) के साथ हुई थी । अभी शादी को डेढ़ साल भी नहीं हुए कि शनिवार को दिन में तीन बजे वंदना ने अपने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और रस्सी के सहारे फंदे पर लटक गई। परिवार के सदस्यों को जानकारी हुई तो उन्होंने दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया लेकिन कोई प्रतिक्रिया न होने पर पुलिस को सूचना दिया। सूचना मिलने पर कोतवाल चंद्र भास्कर द्विवेदी और कस्बा चौकी इंचार्ज अजय त्रिपाठी मौके पर पहुंचे। पुलिस के प्रयास से दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला गया। इस बीच सूचना पाकर मृतका के मायके वाले भी घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मृतका के ससुर और पति को हिरासत में लिया है। सूचना मिलने किसी भी पक्ष से कोई तहरीर नहीं दी गयी थी। इस बाबत कोतवाल चंद्र भाष्कर द्विवेदी का कहना हैै कि घटना संदिग्ध लग रही है। मायके वालों की तरफ से अभी तहरीर नहीं मिली है। उनके पक्ष को सुनने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।