रानीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण के दौरान रजिस्टर चेक करते सीएमओ डा.सतीश चंद सिंह
- फोटो : MAU
रानीपुर। ओपीडी के समय डाक्टर के ड्यूटी से नदारद रहने की सूचना पर बुधवार को मुख्य चिकित्साधिकारी डा. सतीशचंद्र सिंह ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में तैनात सभी चिकित्सक तथा स्वास्थ्य कर्मचारी मौजूद मिले। लेकिन अस्पताल की साफ सफाई बेहतर नहीं थी। इस पर सीएमओ ने नराजगी जताई, साथ ही प्रभारी चिकित्साधिकारी को फटकारा। सीएमओ ने इस कमी को तत्काल दुरुस्त करने का निर्देश सीएचसी प्रभारी चिकित्साधिकारी को दिया। बुधवार की दोपहर एक बजे मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सतीशचंद्र सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। वह सबसे पहले ओपीडी पहुंचे। इस दौरान सभी डाक्टर उपस्थित रहें, साथ ही उपस्थिति रजिस्ट्रर में सबकी उपस्थिति दर्ज थी। इसके बाद सीएमओ ने प्रसव कक्ष और पैथालॉजी के साथ वार्डो का निरीक्षण किया। यहां मौजूद सुविधाओं को देखने के बाद उन्होंने मेडिकल वेस्ट के लिए बनाए जा रहे सेफ्टीक पिट टैंक का मुआयना किया। उपस्थिति और अन्य व्यवस्था तो सही मिली। लेकिन निरीक्षण के दौरान अस्पतल में गंदगी और गंदा शौचालय देखकर वह भड़क गए। गंदगी पर सीएमओ ने नाराजगी जताई। उन्होंने सीएचसी प्रभारी डा. दिनेश कुमार को अस्पताल में साफ सफाई की व्यवस्था को सही करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार, विजयी राम, डॉ सौरभ सिंह आदि मौजूद रहे।