कोपागंज के कन्या प्राथमिक विद्यालय डाडी के निरीक्षण के दौरान बच्चों के साथ बैठे बीएसए ओपी त्रिप?
- फोटो : MAU
मऊ। सर्व शिक्षा अभियान पर करोड़ों रुपया पानी की तरह बहाने के बाद भी बच्चों को गुणवत्तापरक शिक्षा मिलती नजर नहीं आ रही है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओपी त्रिपाठी ने बुधवार को जब कोपागंज ब्लाक क्षेत्र के कई विद्यालयों का निरीक्षण किया तो शैक्षिक गुणवत्ता दयनीय मिलने का मामला प्रकाश में आया। बीएसए ने खुद कमान संभाली और बच्चों की क्लास लेकर उन्हें लिखने-पढ़ने के प्रति प्रेरित किया। वहीं, शिक्षकों को उन्होंने शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार लाने की कड़ी चेतावनी दी।साथ ही सुधार आने तक समस्त स्टाफ का चालू माह का वेतन रोकने का फरमान जारी किया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कोपागंज ब्लाक क्षेत्र के कन्या प्राथमिक विद्यालय डाड़ी का निरीक्षण किया। निरीक्षण में विद्यालय में नामांकन 132 के सापेक्ष 56 छात्र उपस्थित पाए गए। कक्षा चार के बच्चे से चाचा का पत्र पाठ पढ़ने को कहा गया परंतु उस बच्चे के साथ साथ कक्षा का कोई भी बच्चा पाठ का वाचन नहीं कर पाया। अध्यापकों द्वारा दीक्षा एप का भी प्रयोग नहीं किया जा रहा था। अन्य कक्षाओं का अवलोकन करने पर भी अधिगम स्तर न्यून पाया गया। जिसके कारण विद्यालय में कार्यरत समस्त स्टाफ का चालू माह का वेतन संतोषजनक स्पष्टीकरण प्राप्त होने तक अदेय किया गया। तत्पश्चात प्राथमिक विद्यालय कोपागंज प्रथम का निरीक्षण किया। जहां 311 के सापेक्ष 204 बच्चों की उपस्थिति पाई गई। निरीक्षण के दौरान बच्चों से प्रश्न पूछने पर उत्साह के साथ बच्चों ने जवाब दिया। इस पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने वहां के प्रधानाध्यापक विनोद कुमार का उत्साहवर्धन किया और परिवेश से बच्चों को जोड़कर शिक्षण कार्य करने की सलाह दी।