मधुबन थाने में निरीक्षण के दौरान रजिस्टर की जांच करते जिला नोडल अधिकारी पीवी रंगाराव।
- फोटो : MAU
मऊ। जिले में विकास कार्यो के साथ कानून व्यवस्था की समीक्षा के लिए नोडल अधिकारी रजिस्टार सहकारिता पीवी रंगाराव ने शुक्रवार को विकास से लेकर थाने तक का निरीक्षण किया। इस दौरान अनियमितता के साथ तमाम अव्यवस्थाएं मिली। इस पर उन्होंने जिम्मेदार अधिकारी को फटकार लगाई। चेताया कि हर हाल में व्यवस्था दुरुस्त होनी चाहिए। सबसे पहले वह मधुबन तहसील मुख्यालय पहुचे। उन्होंने थाने, सीएचसी फतहपुर मंडाव के साथ गांगेबीर गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। थाने का निरीक्षण कर उन्होंने प्रांगण में ही चौपाल लगाई। यहां फरियादियों की समस्याएं सुनी गई। बाद में परासी नरहरपुर गांव पहुंचकर वहां किए गए विकास कायों की समीक्षा किया। थाने के निरीक्षण में उन्होंने सबसे पहले अभिलेखों कर रख रखाव देखा। यहां मिली कमियों को उन्होंने दूर करने का निर्देश दिया। उन्होंने मुख्यरुप से जन सुनवाई के साथ अपराध, समाधान दिवस, जमानती, विवेचना और असलहा आदि के रजिस्टर का बारीकी से निरीक्षण कर कुछ रजिस्टर्ड मुकदमों में देर होने के कारणों को जाना। लंबित मामलों का जल्द से जल्द निपटारा करने का निर्देश दिया । साथ ही उन्होंने अयोध्या मामले में बहुप्रतिक्षित फैसले को लेकर सभी पुलिस कर्मचारियों को एलर्ट रहने को कहा। उन्होंने तहसील क्षेत्र के गठन, थाने का निर्माण, तहसील क्षेत्र के संवेदनशील गांवों की संख्या तो पूछी ही यह भी जाना कि असलहा की कितनी दुकानें हैं, पटाखा फैक्ट्री कितनी हैं। अपराध की जानकारी भी ली। भू माफिया की संख्या, गैंगस्टर एक्ट के तहत पाबंद हुए अपराधियों की भी जानकारी ली। भू माफिया की संख्या शून्य होने पर शाबाशी दी। थाने के निरीक्षण के बाद वह प्राथमिक विद्यालय गांगेबीर पहुंचे, जहां बच्चों के शैक्षणिक स्तर की जांच की। यहां बच्चों ने नोडल अधिकारी के प्रश्नों का सही उत्तर दिया। जिसे सुनकर वह खुश हो गए। बाद में सीएचसी पहुंचे नोडल अधिकारी ने सबसे पहले दवाइयों की उपलब्धता के साथ रख रखाव और अस्पताल में कार्यरत मेडिकल स्टॉफ की उपस्थिति और ओपीडी आदि का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों को सफाई पर विशेष ध्यान देने की अपील किया। अंत में उन्होंने कोआपरेटिव बैंक के साथ तहसील का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी के हरी सिंह, एसडीएम मधुबन बाबू लाल, क्षेत्राधिकारी मधुबन श्वेता आशुतोष ओझा, बीएसए ओपी त्रिपाठी, खेड शिक्षा अधिकारी पंकज कुमार सिंह, थाना प्रभारी कुमुद शेखर सिंह सहित पूरा थाना स्टॉफ मौजूद रहा ।