मुहम्मदाबाद गोहना के वलीदपुर नगर पंचायत के बिचलापुरा स्थित मकान में गैस सिलिंडर विस्फोट के बाद ?
- फोटो : MAU
मुहम्मदाबाद गोहना। वलीदपुर में हुए भीषण विस्फोट के चलते हुए हादसे में मारे गए लोगों के शव निकालने से लेकर जमींदोज मकानों का मलवा हटाने को लेकर नगर के अल्पसंख्यक वर्ग के सैकड़ो नौजवान मानव श्रृंखला बनाकर मदद देने में जुटे रहे। अल्पसंख्यक युवको के सहयोग के जज्बे को देखकर ग़मगीन माहौल में भी आपसी सौहार्द और एकता की मिसाल देखी गई। वलीदपुर में स्वर्गीय छोटू विश्वकर्मा के मकान में सिलेंडर फटने से पूरा मकान धराशायी हो गया। इसके साथ ही आसपास के तीन मकान भी जमींदोज हो गए। प्रारंभिक तौर पर मृतकों के शव और घायलों के उपचार में जुटे सैकड़ों लोगों की भीड़ में आसपास के दर्जनों अल्पसंख्यक वर्ग के युवकों की सक्रियता और बचाव कार्य में सहभागिता सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल साबित हुई। घटनास्थल सकरा होने के कारण जेसीबी पहुंचने में हो रही दिक्कत को देखते हुए नगर के दर्जनों मुस्लिम युवकों ने बचाव और राहत कार्य की जिम्मेदारी बखूबी निभाते हुए मानव श्रृंखला बना लिया और मलबे के छोटे बड़े पत्थरों को एक हाथ से दूसरे हाथ में देकर मलवा साफ कराने में पूरी मदद किया।