रतनपुरा। स्थानीय ब्लाक के दतौडा ग्राम पंचायत में अनुदान की रकम खाते में आ जाने के बाद भी शौचालय न बनवाने वाले लाभार्थियों पर विभाग ने भृकुटि टेढ़ी कर लिया है। बार बार कहने के बाद भी लाभार्थी शौचालय बनवाने में रुचि नहीं ले रहे थे। चार महीने तक टाल मटोल करने के बाद भी जब लाभार्थियों ने शौचालय निर्माण नहीं कराया तो जिलाधिकारी के सख्त तेवर पर बीडीओ के निर्देश पर सेक्रेटरी और प्रधान ने गांव के ऐसे 26 लोगों के विरुद्ध पुलिस को तहरीर दे दिया। स्थानीय ब्लाक के जखौरा ग्राम पंचायत के बाजपुर हरिजन बस्ती में बीते वित्तीय वर्ष में शौचालय के लाभार्थियों का चयन किया गया। वर्तमान वित्तीय वर्ष में 21अप्रैल को ही गांव के 26 लाभार्थियों के बैंक खातों में 10 हजार रुपयों की दर से अनुदान की रकम भेज दी गई। स्वच्छ भारत मिशन की प्रगस् की समीक्षा के दौरान इस गांव के लोगों द्वारा शौचालय न बनवाने की बात सामने आती रही। डीएम ने इस पर गंभीर नाराजगी जताते हुए शौचालय निर्माण शीघ्र पूरा करने की चेतवानी देते रहे। लेकिन इन लाभार्थियों पर इसका कोई असर नहीं हुआ। अंतत: जिलाधिकारी के सख्त तेवर के बाद खंड विकास अधिकारी हरिवंश प्रसाद ने ग्राम प्रधान और सेक्रेटरी को फटकार लगाया। दतौडा ग्राम प्रधान लीलावती एवं ग्राम पंचायत अधिकारी तारक नाथ ने शौचालय निर्माण न कराने वाले 26 लोगों के विरुद्ध हलधरपुर पुलिस को मंगलवार को ही तहरीर दे दिया। इससे लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। रकम पाने के बाद शौचालय निर्माण न कराने वाले जिन लोगों के विरुद्ध तहरीर दी गई है , वे हैं आदित्य राव, गुडूडू,जीयाहू ,कांति देवी ,मारकंडेय, नीरमा ,सर्वजीत, सोनिया ,तारा ,विधि चंद, बिनोद ,अशोक ,नीलम,अमरजीत, नंदा, जितेंद्र ,लोचन रमावती, सर्वजीत, शांति, शोभा,नगदू ,सदगुण, मिर्जा,पांडे राजभर, मुन्ना आदि। इस संबंध में खंड विकास अधिकारी हरिवंश प्रसाद का कहना है कि 26 लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराने के आदेश दिए गए हैं। ग्राम प्रधान और सेक्रेटरी ने पुलिस को तहरीर दे दी है। इस संबंध में सीओ सिटी राजकुमार का कहना है कि तहरीर के मुताबिक मुकदमा दर्ज किया जाएगा।