कोपागंज। सेमरी स्थित 132 केवी सब पावर स्टेशन से 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र टड़ियांव को जाने वाली मेन लाइन के टूटे तार को जोड़ने के लिए गए बिजली कर्मियों को ग्रामीणों के गुस्से का शिकार होना पड़ा। जर्जर तार की जगह नए तार लगाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने कर्मियों को तार नहीं जोड़ने दिया। बाद में बिजली विभाग के अधिकारियों के तार बदले जाने के लिए इस्टीमेट भेजे जाने के आश्वासन पर गांव वाले माने तब जाकर तार जोड़ने का काम शुुरु किया जा सका। सोमवार की शाम को अरसाभार गांव के पास सात बजे बिजली का तार टूट गया। जिससे चार फीडरों को मिलने वाली बिजली सप्लाई ठप हो गई। इससे कोपागंज कसबा सहित शहरोज, डांडी, देवकली विशुनपुर, कोपागंज देहात, लाडनपुर, सेंदूराईच, खुखंदवा, काछी कला, सोंडसर, भदसा मानोपुर, जय रामगढ़, टडियांव सहित सैकड़ों गांव में विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। विद्युत आपूर्ति बाधित होने से मंगलवार सुबह पेयजल और जलापूर्ति की समस्या उत्पन्न होने से लोगों को काफी मुसीबतों का सामना करना पड़ा। नगर स्थित कुछ नलकूपों के सामने लोगों की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिली। मंगलवार की सुबह दस बजे जब विद्युत कर्मचारी तार जोड़ने के लिए मौके पर पहुंचे तो और अरुसाभार के लोगों ने कर्मचारियों को तार जोड़ने से रोक दिया। कर्मचारियों ने ग्रामीणों की मांग को विभागीय अधिकारियों को बताया। तब जाकर जेई अजय गुप्ता दोपहर बाद दो बजे मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि स्टीमेट बनाकर भेज दिया गया है, शीघ्र ही बजट मिलने पर तार बदल दिया जाएगा। तब जाकर ग्रामीण तार जोड़ने देने पर सहमत हुए।