कोपागंज। दोस्तपुरा स्थित सराफा की दुकान से घर वालों को दिखाने के लिए ले गए दो लाख के गहने युवक ने बाद में देने से इंकार कर दिया। दो दिनों तक इंतजार करने के बाद सराफा ने युवक समेत तीन लोगों पर कार्रवाई किए जाने के लिए पुलिस को तहरीर दी। तहरीर पर पुलिस जांच कर रही है।
कस्बे के हूँसा पूरा निवासी संजय वर्मा की दोस्तपुरा में आभूषण की दुकान है। 24 जनवरी की दोपहर में ग्राम सभा लैरो दोनवार निवासी युवक अपने एक साथी के साथ संजय की दुकान पर गया। उसने दुकानदार से गहने दिखाने को कहा। काफी देर तक देखने के बाद एक तोला वजन की सोने की सिकड़ी, झुमका और एक झाला पसंद किया। युवक ने कहा कि इन गहनों को घर दिखाने के लिए ले जा रहा है। घर वालों से पसंद कराकर जल्दी ही वापस आ जाएगा। दुकानदार ने एक युवक के परिचित होने के कारण गहने उसे दे दिए। लेकिन दो दिनों के बाद भी युवक गहने लेकर नहीं आया तो सोमवार की सुबह दुकानदार परिचित युवक के घर जाकर पूछताछ करने लगा। युवक ने गहने लाने से इनकार कर दिया। एसओ विनय सिंह ने बताया कि सराफा की ओर से तहरीर मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।