मऊ। शहर कोतवाली क्षेत्र के पठान टोला मुहल्ले के पास तमसा नदी के किनारे कूड़े में बोरे में बांध कर विकलांग की लाश रविवार की सुबह मिली। मृतक के शरीर पर प्रत्यक्षतया चोट के निशान नहीं देखे गए। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। मृतक दाहिने पैर से विकलांग था। पुलिस का अनुमान है हत्या कहीं अन्यत्र करके हत्यारों ने शव बोरे में रखकर नदी के किनारे फेंक दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पठान टोला मुहल्ले के निकट स्लाटर हाउस के बगल में पालिका की ओर से फेंके गए कूड़े के पास जूट के एक बोरे में बांधकर फेंकी गई कोई संदिग्ध वस्तु लोगों ने देखा। मौके पर पहुंची पुलिस ने बोरे का मुंह खोलवाया तो उसमें एक व्यक्ति का शव मिला। सांवले रंग का मृतक क्लीन शेव था और दाहिने पैर से विकलांग था। उसके शरीर पर काले रंग की धारदार पैंट और स्वेटर थी। शव मिलने की सूचना पर काफी संख्या में लोग जुट गए। लेकिन कोई भी मृतक की पहचान नहीं कर सका। शहर कोतवाल राम सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान के लिए शव 72 घंटों तक मोर्चरी में सुरक्षित रखा जाएगा। इसके बाद भी पहचान नहीं होने पर उसका पीएम कराकर अंतिम संस्कार के लिए नियत संस्था को सौंप दिया जाएगा। बताया कि काफी कोशिशों के बाद भी मृतक की पहचान नहीें हो सकी। बताया कि पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।