रानीपुर। थाना क्षेत्र के मखुनी गांव के पास शनिवार की देर शाम आठ बजे साइकिल से जा रहे एक अधेड़ को गांव के ही दो युवकों ने चारपाई के पाए से पीटकर मार डाला। अधेड़ ने इन युवकों में से एक को फोन पर अभद्र शब्दों का प्रयोग करने से मना किया था। मृतक के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के विरुद्ध अनिचिछत हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। मखुनी देउवापुर गांव निवासी रमाशंकर यादव (55) पुत्र स्व. तिलकधारी शनिवार की रात आठ बजे दशवारी मोड़ पर कुछ सामानों की खरीददारी करने गया था। वहां से चारपाई का पाया साइकिल पर रखकर पैदल ही घर लौट रहा था। रास्ते में पीछे से आ रहे दो युवकों में से एक युवक को फोन पर अभ्रद शब्दों में बात करते सुना तो अधेड़ ने युवक को ऐसा करने से मना किया। अधेड़ की यह नसीहत युवक को नागवार लगी। वह अधेड़ से उलझ गया और कहासुनी के दौरान उसे धक्का देकर गिरा दिया। अधेड़ के गिरते ही युवक ने उसकी साइकिल में बंधा चारपाई का पाया खोला और उससे अधेड़ के सिर पर कई वार कर दिया। बेरहमी से की गई पिटाई से अधेड़ का सिर फट गया और उसके हाथों की हड्डियां टूट गई। अधेड़ के गिरते ही युवक वहां से भाग गए। कुछ देर बाद सड़क से गुजर रहे गांव के ही एक व्यक्ति ने अधेड को खेत में गिरा देखा तो उसके घर वालों को सूचना दी। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत नाजुक देख डाक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिवार के लोग उसे लेकर आजमगढ़ जा रहे थे कि रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतक को शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के बेटे जितेंद्र यादव की तहरीर पर पुलिस ने गांव के आरोपी उमेश यादव और राजेश यादव के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीओ नंदलाल का कहना है कि आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्दी ही गिरफ्तारी कर ली जाएगी।