रविवार की सुबह कड़ाके की ठंड और कोहरे के बीच एक बाइक पर कुछ इस तरह जाते बाइक सवार।
- फोटो : MAU
मऊ। नगर सहित जिले के विभिन्न इलाकों में कोहरे और गलन से लेाग बेहाल रहे। न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस रहने से लोग परेशान रहे। गलन ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर किया। शाम होते ही कोहरे की चादर तन गई और बाजार में सन्नाटा पसर गया। हालांकि दोपहर में धूप निकली लेकिन उसका कोई असर नहीं दिखा। इसके बाद भी जिले के सार्वजनिक स्थलों पर अलाव नहीं जलवाया जा सका है। घना कोहरा छाए रहने से आम लोगों पर मौसम का असर नजर आया। लोग घरों से देर से निकले। रविवार के चलते बाजारों में अपेक्षाकृत कम गहमागहमी रही। इसके चलते भोर में चलने वाली रोडवेज बसों का संचालन प्रभावित रहा।इससे महानगरों की ओर जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। रेलवे तथा रोडवेज पर प्रतीक्षारत यात्रियों का हाल बेहाल रहा। बर्फीली हवा चलने के चलते धूप का असर नहीं हो रहा था। तापमान पर नजर डाला जाए तो शनिवार को अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम आठ डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि रविवार को भी अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम आठ डिग्री सेल्सियस रहा। शाम होते ही बर्फीली हवा के चलते लोग घरों में दुबकने को विवश हो गए। इसके बाद भी जिले के सार्वजनिक स्थलों पर अलाव जलवाने की जहमत तक नहीं उठाई जा सकी है। रतनपुरा: क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में शीतलहर का कहर जारी रहने से आम लोगों की परेशानी बढ़ती ही जा रही है। इसके बाद भी ब्लाक मुख्यालय स्थित बाजार, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सेहबरपुर, अरदौना, बिलौझा सहित क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में अलाव नहीं जलवाया जा सका है। लोगों ने अलाव जलवाने की मांग की है।