मऊ। क्षेत्राधिकारी नगर और क्राइम सेल के प्रभारी राजकुमार के नेतृत्व में साइबर क्राइम सेल टीम ने एक साइबर अपराधी को पकड़ लिया। पकड़या आरोपी शहर कोतवाली क्षेत्र के खलासा उत्तर टोला कोल्हाण का निवासी है। पुलिस ने उसके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर अदालत में चालान कर दिया। परदहा निवासी सत्यनारायण गुप्ता पुत्र रामायण गुप्ता के यूनियन बैंक के खाते से 9 सितंबर 2019 को चार बार में 29 हजार 352 रुपये निकाल लिए गए । सत्यानारायण ने एसपी को प्रार्थनापत्र देकर रुपये निकालने वाले के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कारवाई करने की गुहार लगाई। एसपी के निर्देश पर केस दर्ज कर पुलिस ने जांच की तो प्रकाश में आया कि यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में तीन सितंबर 2019 को पिन बनाने (जनरेट) में मदद के बहाने धोखाधड़ी करते हुए पहले से वहां मौजूद राम आशीष राजभर पुत्र ओमप्रकाश राजभर एटीएम की डिटेल प्राप्त कर लिया। उसने सत्यानारायण के खाते में दर्ज मोबाइल की यूपीसी कोड प्राप्त कर नंबर को दूसरे मोबाइल आपरेटर में पोर्ट कराकर यूनियन बैंक के मोबाइल एप यू मोबाइल के माध्यम से अपने गांव की पड़ोसी रंजू पुत्री हरी राजभर के खाते में 29 हजार 352 रुपये ट्रांसफर कर दिया। इस रुपये को रंजू पुत्री हरी राजभर के खाते से एयरटेल मनी के माध्यम से स्वयं उपयोग कर लिया। साइबर क्राइम सेल टीम प्रभारी अजीत कुमार यादव ने सिपाही मान सिंह,रामप्रवेश मद्धेशिया, अंकुर यादव और यादव सरोज देवी के साथ राम आशीष को गिरफ्तार कर लिया।