मऊ। जिले के परिषदीय विद्यालयों में फर्जी प्रमाण पत्र लगाकर नौकरी कर रहे शिक्षकों के बर्खास्तगी का सिलसिला जारी है। गुरुवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओपी त्रिपाठी ने रानीपुर ब्लाक क्षेत्र के अकबरपुर में प्रधानाध्यापक के पद पर तैनात ओमप्रकाश सिंह को बर्खास्त कर दिया। साथ ही मुकदमा दर्ज करने के लिए खंड शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिया। अब तक बर्खास्त होने वाले शिक्षकों की संख्या 28 पहुंच चुकी है। शासन के निर्देश पर जिले के परिषदीय विद्यालयों में फर्जी प्रमाण पत्र के आधार पर नौकरी कर रहे शिक्षकों जांच चल चल रही है। शिकायतकर्ता रानीपुर ब्लाक क्षेत्र के काझा गांव निवासी कैलाश सिंह ने फर्जी प्रमाणपत्र के आधार पर नौकरी कर रहे रानीपुर ब्लाक क्षेत्र के अकबरपुर में प्रधानाध्यापक के पद पर तैनात ओमप्रकाश सिंह के संबंध में बीएसए ओपी त्रिपाठी सहित प्रशासनिक अधिकारियों को शिकायती पत्र दिया था। बीएसए ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रधानाध्यापक ओमप्रकाश सिंह के शैक्षिक प्रमाणपत्रों का सत्यापन कराया। सत्यापन में शारीरिक शिक्षा (सर्टिफिकेट) 1996 (सीपीएड) अनुक्रमांक 039 रहा। प्रमाणत्र पर चंद्रमोहन सिंह पुत्र कृपाल सिंह अंकित था। फर्जी शैक्षिक अभिलेख मिलने पर बीएसए ओपी त्रिपाठी ने प्रधानाध्यापक ओमप्रकाश सिंह को बर्खास्त कर दिया। साथ ही मुकदमा दर्ज करने के लिए बीईओ को निर्देश दिया। अब तक बर्खास्त होने वाले शिक्षकों की संख्या 28 पहुंच चुकी है।