शहर कोतवाली क्षेत्र के पठानटोला-अलाउद्दीनपुरा मोहल्ला स्थित कसाबा में छापेमारी के दौरान बरामद ?
- फोटो : MAU
मऊ। शहर कोतवाली क्षेत्र के गोला बाजार के पास कस्बा मुहल्ले में कई मकानों में चल रहे बूचड़ खानों का मंगलवार सुबह भंडाफोड़ हुआ। कई थानों की फोर्स की टीमों के साथ सीओ सिटी राजकुमार ने छापा मारा। मकानों के सामने खुले में अवैध रूप से चल रहे बूचड़ खानों से पुलिस ने 10 कुंतल मांस बरामद किया। पुलिस ने एक बड़ा फ्रीजर, पशु वध में प्रयोग किए जाने वाले 10 चाकू, पांच बाइकों सहित छह वाहन के साथ अवैध मांस कारोबार में लगे 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने भी शाम को घटना स्थल का दौराकर स्थिति की जानकारी ली और अवैध रूप से चल रहे बूचड़खानों पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध मांस कारोबारियों में हड़कंप है। पुलिस ने बरामद मांस को जमीन के नीचे दबवा दिया। शहर के बीच कस्बा में काफी दिनों से अवैध रूप से घरों में चल रहे बूचड़खानों की शिकायत पुलिस को मिल रही थी। सीओ सिटी राजकुमार ने इन पर प्रभावी अंकुश के लिए मंगलवार की सुबह सिटी सर्किल के तीनों थानों की फोर्स की टीमों के साथ छापा मारा। वहां मुहल्ले में कई घरों में पशु वध करके उनके मांस खुले में रखकर बेंचे जा रहे थे। छापेमारी में लगभग 10 कुंतल मांस, 26 जानवर, ठेले, पांच बाइक, फ्रीजर और 12 चाकू पुलिस ने बरामद किया। पुलिस ने एखलाक अहमद, मु. कैफ, जावेद अख्तर, अब्दुरर्हमान, शकील, मेहरुन्निशा, सदरुन्निशा, अलीमुन्निशा, रिजवान, शकील और अजमल कुरैशी सहित 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस बाबत सीओ सिटी राजकुमार का कहना है कि शहर के बीच चल रहे अवैध बूचड़खानों पर छापा मारा गया। भारी मात्रा में मांस, चाकू, जानवर बरामद किए गए। शहर में अवैध बूचड़खानों को किसी भी हालत में नहीं चलने दिया जाएगा।