घोसी। घोसी क्षेत्र के पकड़ी बुजुर्ग में पशुपालन विभाग द्वारा आयोजित पं दीनदयाल उपाध्याय पशु आरोग्य मेला और शिविर का आयोजन शनिवार को किया गया। मेले में पशुपालकों को दुधारू नश्ल के अच्छे पशुओं की देेखभाल के बारे में जानकारी दी गई। सूचना के अभाव में किसानों के साथ पशुपालकों की उपस्थिति कम रही। मुख्य अतिथि भाजपा के वरिष्ठ नेता भरत भैया ने पशुपालकों, किसानों से कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने आप सबकी उन्नति के लिए कई तरह की योजनाओं को लागू किया है। इन्हीं सबकी जानकारी देने के लिए दीनदयाल उपाध्याय पशु आरोग्य मेला, शिविर जगह, जगह आयोजित किया जा रहा है। जिससे लोगों को जानकारी के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। आह्वान किया कि अच्छे किस्म के दुधारू पशुओं को पाल कर लाभ उठाएं। डॉ पीडी सिंह ने अच्छे नस्ल के दुधारू पशुओं के विषय में जानकारी देते हुए कहा कि कामधेनु योजना के साथ अन्य योजनाओं का लाभ उठाकर अपनी आय में वृद्धि करें। दूध का उत्पादन एक बहुत ही अच्छा व्यवसाय है। कहा कि पशुओं के लिए टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। अपने पशुओं को नजदीकी पशु अस्पताल में ले जाकर टीकाकरण करावें। विशिष्ट अतिथि जिला संयोजक डा. नागेंद्र सिंह और कृपाशंकर सिंह ने सभी किसानों का आह्वान किया कि आवारा पशुओं के बारे में बीडीओ को सूचित करने के साथ प्रधान के सहयोग से उनको पशु आश्रय स्थल में भेजवा दें। इस अवसर पर कंवल गिरी, गोरख शर्मा, कृपाशंकर सिंह, सुभाष सिंह, शेरू सिंह और अनिल आदि के अलावा उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी घोसी डा. पीडी सिंह, पशु चिकित्साधिकारी एसके राय, डा. एम ए अली आदि उपस्थित रहे।