नगर पालिका कम्युनिटी हाल में आयोजित कृषि गोष्ठी एवं किसान मेला में पहुँचे किसान।
- फोटो : MAU
मऊ। कृषि विभाग की तरफ से महत्वाकांक्षी योजना सब-मिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन(आत्मा) के तहत जनपदस्तरीय रबी उत्पादकता गोष्ठी तथा किसान मेला का आयोजन नगर स्थित पालिका कम्युनिटी हाल में किया गया। इस दौरान किसानों को वैज्ञानिकों ने रबी के सीजन में जैविक विधि अपनाकर आय बढ़ाने और बुआई करने के तौर-तरीकों की जानकारी दी। उप निदेशक कृषि एसपी श्रीवास्तव, जिला कृषि अधिकारी उमेश कुमार ने जिले के विभिन्न अंचलों से आए हुए किसानों एवं प्रतिनिधियों का स्वागत किया। साथ ही मुख्य अतिथि विधायक घोसी विजय राजभर तथा जिलाधिकारी ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी का अभिनंदन किया। विधायक विजय राजभर तथा जिलाधिकारी ने विभिन्न स्टालों का अवलोकन। इस मौके पर कृषि वैज्ञानिक डॉ. वीके सिंह ने जैविक विधि से बीज शोधन के लिए नीम का तेल पांच से सात मिलीलीटर प्रति किग्रा का प्रयोग करने एवं गेहूं की सीधी लाइन बुआई करने के लिए किसानों का आह्वान किया। डॉ. एनपी सिंह कृषि वैज्ञानिक ने किसानों की आय दोगुना करने के लिए सब्जियों की खेती के महत्व को समझाया। प्रगतिशील एवं उद्यमी किसान रंगबहादुर सिंह ने औषधीय खेती करनेपर जोर दिया। प्रगतिशील किसान जय प्रकाश सिह पिरूवा (रानीपुर) द्वारा पराली न जलाने एवं गोबर की खाद, कंपोस्ट खाद तथा जैविक खाद का प्रयोग एवं लाभों को बताया। प्रगतिशील किसान देवप्रकाश राय सहरोज ने दोहरीघाट पंप कैनाल स्थित लाटघाट पर पंप हाऊस का निर्माण कराए जाने की मांग किया। किसान राकेश सिंह ने जलमग्न क्षेत्र को चिंहित कर प्रभावित किसानों को नि:शुल्क बीज उपलब्ध कराने की मांग किया। डॉ. अनिल सक्सेना, निदेशक एनबीएआईएम ने मृदा में उपस्थित सूक्ष्म पोषक तत्वों के बारे में विस्तार से बताया। प्रगतिशील किसान हरिश्चंद्र सिंह दोहरीघाट द्वारा स्वनिर्मित गन्ना छिलने की छोटी मशीन को सजीव प्रदर्शन किया। इस मौके पर कम्युनिटी हाल प्रांगण में विभिन्न विभागों द्वारा दर्जनों स्टाल लगाए गए।इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी विजय शंकर राय, उप परियोजना निदेशक (आत्मा) लालू पाल, भूमि संरक्षण अधिकारी राम किशोर आदि शामिल रहे