घोसी।कोतवाली क्षेत्र के बस स्टेशन पर बस के इंतजार में खड़े ऑटो के पास खड़े एक युवक को बुधवार की देर शाम बेकाबू स्कार्पियो ने टक्कर मार दिया। जिससे युवक तथा ऑटो चालक घायल हो गए। पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी में लाकर भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। जबकि चालक की गंभीर स्थिति देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उधर हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। घोसी कोतवाली क्षेत्र के करीमुद्दीनपुर बगही निवासी सैफुलइस्लाम 25 पुत्र स्व. इलियास बुधवार की देर शाम करीब दस बजे गोरखपुर जाने के लिए बस स्टेशन पर बस का इंतजार कर रहा था। इस दौरान वह सड़क किनारे खड़े ऑटो में बैठे उसके चालक संतोष गुप्ता से बातचीत करने लगा। तभी विपरित दिशा से आ रही एक बेकाबू स्कार्पियो चालक ने ऑटो में टक्कर मार दिया। जिससे ऑटो उछलकर घटनास्थल से 50 मीटर हनुमान मंदिर पर छिटककर जा गिरा। वहीं ऑटो से सटकर बातचीत कर रहा सैफुलइस्लाम एक बिजली पोल से जा टकराया। घटना के बाद आरोपी चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर सीओ अभिनव कनौजिया तथा एसओ परमानंद मिश्रा पहुंचे और दोनों घायलों को घोसी सीएचसी में लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने सैफुलइस्लाम को मृत घोषित कर घायल संतोष को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने मृतक का शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। वहीं मृतक चचेरे भाई मेराजुलइस्लाम की तहरीर पर अज्ञात चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करते हुए वाहन को सीज करने की कार्रवाई की।