शिवरात्रि की पूर्व संध्या पर जनपद मऊ को एक ऐतिहासिक और आध्यात्मिक सौगात मिली। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने तमसा नदी तट स्थित मऊ महादेव मंदिर के नवनिर्मित भव्य घाटों का लोकार्पण किया।
लोकार्पण करते हुए अपने संबोधन में एके शर्मा ने कहा कि जिस स्थान पर आज श्रद्धालु श्रद्धा के साथ आरती और दर्शन कर रहे हैं, कभी वहां गंदगी, अव्यवस्था और भय का वातावरण था।
लोग इस क्षेत्र में आने से कतराते थे। कहा कि आज मऊ भय और गुंडाराज की छवि से बाहर निकलकर माफियामुक्त मऊ की नई पहचान बना रहा है। शासन अब डर से नहीं, निर्णय से चलता है।
कानून व्यवस्था की मजबूती और विकास की निरंतरता ने जनपद की दिशा बदल दी है। कहा कि अब मऊ की पहचान माफिया से नहीं, महादेव से होगी। यह परिवर्तन केवल प्रशासनिक इच्छाशक्ति से नहीं, बल्कि स्थानीय जनता के सहयोग और संकल्प से संभव हुआ।
.............
सीएसआर फंड से हुआ है कार्य
938 लाख रुपये की लागत से निर्मित यह परियोजना आईसीआईसीआई बैंक के सीएसआर फंड से पूरी हुई है।पूरे कार्य में रेड स्टोन धौलपुर के पत्थरों से सुसज्जित घाटों ने पूरे परिसर को भव्य और दिव्य स्वरूप प्रदान किया है। वहीं घाट परिसर में स्थापित भगवान शिव की 61 फीट ऊंची कंक्रीट निर्मित भव्य प्रतिमा श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण और आस्था का केंद्र बन गई है। राजस्थान के कुशल कारीगरों द्वारा निर्मित यह प्रतिमा दूर-दूर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक ऊर्जा का प्रतीक बन रही है।
मऊ महादेव धाम बनेगा यूपी का कैलाश
केबिनेट मंत्री श्री शर्मा ने घोषणा की कि मऊ महादेव धाम को उत्तर प्रदेश का ‘कैलाश’ बनाने का लक्ष्य रखा गया है। आगामी एक वर्ष के भीतर यहां एक सुंदर एवं आधुनिक ग्रीन पार्क का निर्माण कराया जाएगा, जिससे यह स्थल धार्मिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बन सके। लोकार्पण अवसर पर आयोजित भव्य आरती, लेजर शो और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा परिसर गुंजायमान हो उठा। हजारों श्रद्धालुओं ने इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनकर जनपद के बदलते स्वरूप का स्वागत किया।