मऊ जनपद के कोपागंज कस्बा क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी किशोर ने भतीजी के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। किशोर पांच वर्षीय भतीजी को एक खंडहर में ले जाकर उसके साथ छेड़छाड़ कर रहा था। इसी बीच कुछ लोग वहां पहुंच गए और वीडियो बनाने लगे। कुछ लोगों ने यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया। पिता की तहरीर पर मंगलवार की रात पुलिस ने केस दर्ज करते हुए आरोपी किशोर को पकड़ लिया है।
बच्ची के पिता ने तहरीर में आरोप लगाया कि कोपागंज कस्बा स्थित एक मोहल्ला निवासी किशोर अपनी पांच वर्षीय भतीजी को लेकर सोमवार की शाम रेलवे स्टेशन स्थित खंडहर के अंदर चला गया। आसपास के लोगों को आशंका हुई तो देखा कि वह बच्ची के साथ छेड़छाड़ कर रहा है। लोगों ने इसका वीडियो भी बनाया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वहीं सोमवार को 57 सेकेंड का एक वीडियो वायरल को संज्ञान में लेते हुए थानाध्यक्ष अजय कुमार तिवारी ने मामले की जांच करते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। बच्ची के पिता को जानकारी होने पर उन्होंने किशोर के विरुद्ध पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत करते हुए आरोपी को पकड़ लिया है।