मऊ। घोसी कोतवाली पुलिस माऊरबोझ गांव में डेढ़ माह पूर्व हुई लाखों की चोरी का पर्दाफाश कर पाने में अब तक नाकाम है। चोरी के परदाफाश में हो रही देरी पुलिस की लापरवाही की पोल खोल रही है। लोग पुलिस की कार्य प्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं, लोगों का कहना है कि आखिरकार पुलिस कैसे कार्य करती है। आम जनमानस की जान और माल की सुरक्षा पुलिस कैसे करती है।
घोसी कोतवाली क्षेत्र के माऊरबोझ गांव निवासी एवं लखनऊ में पत्रकार शिवशंकर यादव के घर में 9 मई 2021 की रात्रि में लगभग दो बजे के आस पास चोर घर के पीछे से छत के रास्ते घर में घुसकर आलमारी का ताला तोड़कर सोने का हार,दो पायल, सोने का टीका,दो जोड़ी कंगन, सोने की दो माला,सोने की चार अंगूठी, सोने की बिन्दी, करधन, दो झुमकी, दो नथुनी सहित लाखों के जेवरात एवं कपड़े चुरा ले गये।
इस संबंध में पीड़ित शिव शंकर यादव का तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था परंतु डेढ़ माह बीत जाने के बाद भी पुलिस चोरी का पर्दाफाश नहीं कर पाई। इससे लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है। इस संबंध में अवधेश कुमार, चंद्रशेखर, खुर्शीद खान ने मांग किया है कि घटना का जल्द पर्दाफाश किया जाये अन्यथा पुलिस की कार्यप्रणाली के विरुद्ध व्यापक स्तर पर आंदोलन किया जायेगा। इस बाबत कोतवाली प्रभारी कुमुद शेखर सिंह का कहना है कि जल्दी की चोरी का परदाफाश कर दिया जाएगा।