नगर के भीटी स्थित मैदान पर आयोजित मैच में खेलता बल्लेबाज।संवाद
मऊ। नगर के भीटी स्थित मैदान पर गुरुवार को अंडर-14 खिलाड़ियों के बीच सचिन क्रिकेट एकेडमी आजमगढ़ और वेदांत क्रिकेट क्लब मऊ के बीच 30-30 ओवर का मुकाबला खेला गया। वेदांत क्रिकेट क्लब मऊ ने शानदार गेंदबाजी और बल्लेबाजी के दम पर आजमगढ़ को सात विकेट से हरा दिया। चार विकेट लेने वाले मऊ के नवनीत को शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया
टॉस जीतकर मऊ ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। उसके गेंदबाजों ने आजमगढ़ के बल्लेबाजों को शुरुआत से ही दबाव में रखा। सहबाज ने 10, गोलू ने 19 और नित्यम ने 15 रन बनाकर कुछ संघर्ष किया, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके। आजमगढ़ की पूरी टीम 23.5 ओवर में 65 रन पर सिमट गई। टीम के पांच बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल सके। मऊ की ओर से नवनीत ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट झटके। वरुण को तीन, राहुल को दो और आयुष को एक विकेट मिला।
अश्वनी की 39 रन की पारी से वेदांत क्रिकेट क्लब ने 15.3 ओवर में हासिल किया लक्ष्य
66 रन के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेदांत क्रिकेट क्लब की टीम ने 15.3 ओवर में तीन विकेट खोकर जीत दर्ज कर ली। अश्वनी ने 39 रन की उपयोगी पारी खेली, जबकि प्रत्यूष ने 19 रन बनाए। आजमगढ़ की ओर से इमरान ने दो और हर्ष ने एक विकेट लिया। । मैच में अनंत सिंह और अरुण चौरसिया ने अंपायर की भूमिका निभाई, जबकि प्रवीण ने स्कोरर की जिम्मेदारी संभाली।
शिक्षक दिवस पर संत विनोबा भावे खेल मैदान में होगी दौड़ प्रतियोगिता
बोझी। शिक्षक दिवस के अवसर पर पांच सितंबर को बड़राव ब्लॉक क्षेत्र के मुहम्मदाबाद सिपाह स्थित संत विनोबा भावे खेल मैदान में दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। युवा समिति की ओर से प्रतियोगिता सुबह 9 बजे शुरू होगी। युवा समिति के संतोष मौर्य, रवि कुमार, अखिलेश यादव ने बताया कि प्रतियोगिता में दो प्रकार की दौड़ आयोजित की जाएगी। इसमें पांच किलोमीटर और 1600 मीटर दौड़ शामिल है। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को उचित पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए 50 रुपये प्रवेश शुल्क निर्धारित किया गया है।