मदरसा बोर्ड परीक्षाओं के लिए एडेड माध्यमिक विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाए जाने के बावजूद नकल रुकने का नाम नहीं ले रहा है। परीक्षा में नकल कराने में कक्ष निरीक्षकों की सहभागिता भी सामने आ रही है।
मदरसा शिक्षा परिषद द्वारा संचालित परीक्षा में बुधवार को मुहम्मदाबाद गोहना तहसील के वलीदपुर में दो परीक्षा कक्षों में सामूहिक नकल होती पकड़ी गई। जिस पर जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने सहायक केंद्र व्यवस्थापक और चारों कक्ष निरीक्षकों को तत्काल कार्यमुक्त कर दिया।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी विजय प्रताप यादव बुधवार को निरीक्षण के लिए वलीदपुर में बीआरके इंटर कालेज पहुंचे। सुबह की पाली में मुंशी मौलवी की परीक्षा हो रही थी। परीक्षा भवन के कक्ष संख्या नौ में उन्होंने सामूहिक नकल होते पाया।
परीक्षा कक्ष में दो कक्ष निरीक्षिकाएं मौजूद थीं। लेकिन वे नकल रोकने की बजाए उसमें सहयोग कर रही थीं। इसी प्रकार कक्ष संख्या 12 में भी परीक्षार्थी नकल कर रहे थे। जिला अल्पसंख्यक अधिकारी ने इसे गंभीरता से लेते हुए
सहायक अध्यापक कक्ष निरीक्षक सुल्तान अहमद, विपिन तथा आशा और प्रतिभा राय को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त कर दिया। इनके स्थान पर तात्कालिक कार्रवाई करते हुए सहायक अध्यापक बाल करन यादव और नरेंद्र सिंह को कक्ष निरीक्षक तैनात किया।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने बताया कि प्रकरण की रिपोर्ट रजिस्ट्रार के पास भेज दी गई है। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने कई अन्य परीक्षा केंद्रों का दौरा किया। नगर के डीएवी इंटर कालेज में बुधवार को सुबह की पाली में मुंशी मौलवी की परीक्षा में दो परीक्षार्थी नकल करते पाए गए ।
जबकि सायंकालीन पाली में कामिल भाग दो की परीक्षा में चार नकलचियों को किताबों के पन्नों से नकल करते पकड़ा गया। सभी को रस्टीकेट कर दिया गया।