अमिला (मऊ)। घोसी कोतवाली क्षेत्र के अमिला कस्बा के खटीक टोला निवासी एक विवाहिता ने अज्ञात कारणों से विषाक्त पदार्थ खा लिया। परिजनों ने घटना की जानकारी होने पर महिला को अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। घटना के समय मृतका का पति घर से बाहर गया था। मृतका का तीन माह पूर्व विवाह हुआ था। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजवाया।
घोसी कोतवाली के अमिला कस्बा के खटिक टोला निवासी टुनटुन मार्बल लगाने का काम करता है। उसका विवाह बीते जून माह में कोपागंज थाना क्षेत्र के कसारा निवासी सुनैना (22) से हुई थी। रविवार पत्नी से लंच बाक्स लेकर वह खनिगह गांव में काम की साइट पर गया था। एक घंटे बाद सुनैना को घर की एक महिला ने आंगन में छटपटाती देखकर टुनटुन को इसकी सूचना दी। आनन फानन में परिजन उसे घोसी सीएचसी लेकर जा रहे थे, इस बीच रास्ते में सुनैना ने दम तोड़ दिया।
शादी के महज तीन माह बाद ही सुनैना के इस घातक कदम को लेकर दिनभर पूरे कस्बे में चर्चा होती रही। घटना की सूचना मिलने पर तहसीलदार घोसी सुबास यादव, कोतवाल घोसी समर बहादुर सिंह प्रभारी चौकी बोझी सुबास यादव, अमिला चौकी प्रभारी धर्मराज यादव मौके पर पहुंचे। शव को पुलिस की देखरेख में पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया।