मऊ वाराणसी रेलमार्ग पर नायकडीह रेलवे हाल्ट के पास मंगलवार को ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। युवक का शरीर दो टुकड़ों में रेलवे ट्रैक पर देखा गया। लोगों की सूचना पर दुल्लहपुर थाने की पुलिस पोस्टमार्टम कराने के लिए ले गई।
युवक की पहचान चिरैयाकोट थाने के अल्देमऊ गांव निवासी अनुज राम 20 पुत्र शिवदास के रूप में हुई। परिवार वालों के अनुसार अनुज कुछ मंद बुद्धि का था । वह अकसर किसी से बिना कुछ बताए कहीं चला जाया करता था और शाम को घर वापस आ जाता था। वह 23 जुलाई की सुबह वह बिना कुछ बताए घर से चला गया और घर नहीं आया। परिजन उसकी तलाश कर ही रहे थे कि मंगलवार को दुल्लहपुर पुलिस ने अनुज के ट्रेन से कट कर मर जाने की जानकारी दी। मृतक चार भाईयों सोभनाथ, बृजेश, अवगेस और एक बहन रंजना में सबसे छोटा था।