रतनपुरा ब्लाक कार्यालय परिसर में पोषण अभियान के तहत एक दिवसीय गोष्ठी और प्रदर्शनी के लगा स्टाल।
- फोटो : MAU
रतनपुरा। बाल विकास सेवा एंव पुष्टाहार विभाग के तत्वावधान में मंगलवार को विकासखंड सभागार में पोषण अभियान के तहत एक दिवसीय गोष्ठी एवं प्रदर्शनी आयोजित हुई। जिसमें पुष्र्टाहार के जरिए बच्चों को सेहतमंद बनाए जाने पर चर्चा की गई। वहीं प्रदर्शनी में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताआें ने सहिजन से बने विभिन्न खाद्य सामग्रियों का प्रदर्शन किया। गोष्ठी का शुभारंभ प्रभारी खंड विकास अधिकारी जयप्रताप सिंह ने फीता काटकर किया। इसके बाद गोष्ठी में बाल विकास सेवा एंव पुष्टाहार विभाग, ग्राम विकास पंचायत विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पूर्ती विभाग, मनरेगा के ब्लाक के नोडल अधिकारियों ने अपने अपने विभाग की योजनाओं की जानकारी दी। गोष्ठी में सीडीपीओ राधेश्याम पाल ने बताया कि जिले से कुपोषण दूर करने के लिए विभाग स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर प्रयासरत है। अतिकुपोषित बच्चों को चिह्नित करने तथा उन्हें सुपोषित करने के लिए पोषण पुर्नवास केंद्र में भर्ती कराया जा रहा है। वहीं प्रदर्शनी में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने सहिजन से बने विभिन्न सामग्रियों का प्रदर्शन करते हुए उनके महत्व के बारे में बताया। इस मौके पर डॉ. हंसराज सोनी, विपिन शर्मा, आशा, मंजू, विभा, मुन्नी, पूनम, संगीता सहित अन्य आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रही।