मधुबन। ब्लॉक प्रमुख पद के लिए दावेदारी करने वाले कई बीडीसी के प्रत्याशी अपनी सीट तक नहीं बचा सके। ब्लॉक प्रमुख पद के लिए कई दावेदारों ने क्षेत्र पंचायत के चुनाव में ताल ठोंकते हुए पर्चा भरा था। जिसमें निर्वतमान प्रमुख ऐश्वर्या यादव की सास सुनैना यादव को मुड़ाड़ार मनियार में मारकंडे साहनी की पत्नी सुनीता के हाथों पराजित होना पड़ा है। जब कि उनके देवर रामबचन यादव को महुवानी से मनोज गिरी से हार झेलनी पड़ी है।
प्रमुख की देवरानी राधा यादव को गजियापुर कुंवरपुरवा से बबिता ने चुनाव में परास्त कर दिया है। हालांकि प्रमुख ऐश्वर्या यादव पूर्व में ही जवाहिरपुर नेमड़ाड वार्ड से निर्विरोध होकर ब्लॉक प्रमुख पद की दावेदारी पक्की कर चुकी हैं। लेकिन उनके परिवार के तीन सदस्यों को मतदाताओं द्वारा नकारने के बाद प्रमुख की कुर्सी तक पहुंचने की राह आसान नहीं दिख रही। दूसरी दावेदार भाजपा नेता की पत्नी गीता सिंह को अपने ही गांव में शिकस्त का सामान करना पड़ा है। उधर भाजपा नेता इन्दल गिरि सुवाह से अपनी पत्नी बिंदु गिरि, मोलनापुर से भाई मनोज गिरि एवं भाई की पत्नी माला गिरि को कौडीपुर नई बस्ती से जिता कर बिंदू गिरि के लिए प्रमुख पद की दावेदारी मजबूत कर लिया है। उधर कांग्रेस पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं लोक सभा के पूर्व प्रत्याशी राष्ट्रकुंवर सिंह की पुत्र बधू मीनू सिंह डुमरी एवं पुत्र प्रवीण कुंवर सिंह उर्फ शुभम मर्यादपुर सहित दो दर्जन समर्थकों के साथ क्षेत्र पंचायत के सीटों को जीतने का दावा करते हुए मीनू सिंह को प्रमुख पद के संग्राम में उतारा है ।