मऊ। जिले का मुख्य फायर स्टेशन अब गुजरात के फायर स्टेशन की तर्ज पर बनेगा। शासन से भवन की नई डिजाइन विभाग को भेज दी गई है। जल्द ही नक्शा और जीयो तैयार करके विभाग कार्यदायी संस्था को भेज देगा। इसके लिए पुलिस लाइन में जमीन चिह्नित की गई है। इसकी लंबाई 100 मीटर और चौड़ाई 65 मीटर है।
मुख्य फायर स्टेशन के पुराने प्रस्ताव को निरस्त करके भवन की नई डिजाइन भेजी गई है। डिजाइन के अनुसार भवन ग्राउंड फ्लोर के साथ नौ मंजिला होगा। रेजिडेंशियल और नॉन रेजिडेंशियल भवन बनाया जाएगा। रेजिडेंशियल भवन में मुख्य अग्निशमन अधिकारी, फायर सर्विस ऑफिसर सहित 40 कर्मचारियों के लिए आवास बनेगा। नॉन रेजिडेंशियल भवन में सभी अधिकारियों के कार्यालय होंगे, जिसमें विभागीय दस्तावेज रखे जाएंगे। इसके अलावा दमकल वाहनों को खड़ा करने के लिए दो गैराज, उपकरणों के लिए सात स्टोर रूम और भोजन के लिए मेस बनेगा। सीमांकन के बाद भवन निर्माण के लिए 16 माह पहले विभाग ने शासन को प्रस्ताव भेजा था। निर्माण की लागत करीब 20 करोड़ रुपये से आंकी गई थी। इसका टेंडर पुलिस आवास निगम को दिया गया था। लेकिन अब इस नक्शे और प्रस्ताव को निरस्त कर दिया गया है। दो दशक से मुख्य फायर स्टेशन शहर कोतवाली के पुराने जर्जर टीनशेड के भवन में चल रहा है। इन्हीं टीनशेड के कमरों में विभागीय दस्तावेज भी सुरक्षित रखे गए हैं। कर्मियों को आवंटित आवास भी काफी पुराना होने से दरारें पड़ गई हैं, जिससे आधे से अधिक फायरमैन किराये पर रूम लेकर रहते हैं।
तीन जगहों पर विभाग ने देखी थी जमीन
मुख्य फायर स्टेशन के भवन निर्माण के लिए तीन बार जमीन की पहचान की गई थी, लेकिन फाइलों के अटकने से बात आगे नहीं बढ़ पाई थी। सबसे पहले सरायलखंसी थाना के बगल में जमीन चिह्नित हुई थी। वहां बात नहीं बनने पर नगर के सलाहाबाद मोड़ के पास भवन बनाने की स्वीकृति मिली, लेकिन वहां भी अड़चन के कारण भवन नहीं बन पाया था, फिर कोपागंज के कसारा में जमीन मिली थी।
ब्लॉकों पर सब फायर स्टेशन के लिए जमीन की तलाश
तहसील के बाद अब ब्लॉक स्तर पर सब फायर स्टेशन बनाने की योजना है। जमीन चिह्नित करने के लिए पांच माह पहले शासन से पत्र मिला था। कोपागंज ब्लॉक के कसारा गांव में 1.66 बीघे जमीन चिह्नित कर ली गई है। अग्निशमन विभाग ने 13 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा है। यहां यूपी सिडको सब फायर स्टेशन का भवन बनाएगा। आवश्यकता के अनुसार विभाग रानीपुर ब्लॉक के चिरैयाकोट, रतनपुरा और दोहरीघाट ब्लॉक में जमीन तलाश रहा है।
मुख्य फायर स्टेशन के भवन के लिए शासन से नई डिजाइन भेजी गई है। उसी आधार पर नौ मंजिला भवन बनेगा। 16 माह पहले भेजा गया 20 करोड़ रुपये का प्रस्ताव निरस्त कर दिया गया है। नया भवन और भी आधुनिक होगा, जिसमें फायर ब्रिगेड खड़ा करने के लिए आधुनिक गराज बनेगा। - के वर्मा, सीएफओ।