मऊ। घोसी कोतवाली क्षेत्र के मझवारा मोड़ पर 15 नवंबर की शाम बाइकों की भिड़ंत के बाद हुए बवाल के मुख्य आरोपी शोएब के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (रासुका) की कार्रवाई की गई। उसे मंगलवार की देर रात गिरफ्तार करके बुधवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। दो और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई हुई है। शोएब के साथी दानिश को जेल भेजा गया। एक नाबालिग आरोपी को भी पकड़ा गया है।
घटना और कार्रवाई के सिलसिले में एसपी ने शुक्रवार को पुलिस लाइंस में पत्रकारों से बात की। उन्होंने बताया कि घटना के बाद ही मुख्य आरोपी व बैसवाड़ा निवासी शोएब खान पुत्र असलम खान को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ रासुका के तहत कार्रवाई की सिफारिश डीएम प्रवीण मिश्रा से की गई थी। इस पर डीएम ने मंगलवार यानी 19 नवंबर को मुहर लगा दी। एसपी ने बताया कि आरोपी के कृत्य से घोसी में तनावपूर्ण माहौल था। इससे कानून व्यवस्था प्रभावित हुई थी। अफरा-तफरी के साथ भय का माहौल बन गया था। आरोपी दोबारा ऐसी हरकत कर सकता है, इसलिए कड़ी कार्रवाई की गई। इससे पहले घायल सुक्खू की मां शारदा देवी की तहरीर पर घोसी कोतवाली की पुलिस ने शोएब के खिलाफ केस दर्ज किया था। वहीं, शोएब के दो साथी दानिश और एक नाबालिग आरोपी को बुधवार को घोसी कोतवाली क्षेत्र के लाला की छावनी से पकड़ा गया। दानिश को जेल भेजा गया। नाबालिग को बाल सुधार गृह भेजा जाएगा। शोएब के साथी दानिश सहित दो खिलाफ केस दर्ज किया गया है। घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद कर ली गई है। पुलिस की तरफ पथराव करने वाले उपद्रवियों की पहचान भी की जा रही है।
सीसी फुटेज से नामजदों की संख्या में हो सकता है इजाफा
घोसी कांड में एक पक्ष के सैकड़ों लोगों की ओर से पुलिस पर पथराव के बाद सीओ घोसी, कोतवाल और एक पुलिस कर्मी घायल हो गए थे। साथ ही पुलिस के वाहन क्षतिग्रस्त हो गए थे। मामले में पुलिस ने घोसी कोतवाल राजकुमार सिंह की तहरीर पर 37 नामजद और 250-300 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया था। इसी तरह
घोसी सीएचसी में डयूटी पर तैनात डॉ. एचके पंकज की तहरीर पर 200 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में पुलिस पर पथराव करने वाले उपद्रवियों की दो पोस्टर जारी किए गए हैं। अब मामले में गठित एक टीम की ओर से उपद्रव में शामिल कई लोगों को चिह्नित करने की कार्रवाई की जा चुकी है, ऐसे में नामजदों की संख्या बढ़ने की संभावना है।
-
अब भी दो पीएसी प्लाटून की तैनाती
घोसी सीओ दिनेशदत्त मिश्रा ने बताया कि सुरक्षा के लिए अब भी दो पीएसी प्लाटून की तैनाती की गई है। सुरक्षा की दृष्टि से हर मूवमेंट पर नजर रखी जा रही है। घोसी कोतवाली के पुलिसकर्मी भी कस्बे में जगह-जगह तैनात हैं। बताते चलें कि बीते शुक्रवार को पथराव के बाद उसी रात जिले की 12 थानों की पुलिस फोर्स के साथ दो प्लाटून पीएसी के जवान तैनात कर दिए गए थे। जहां सामान्य हालात के बाद भी घोसी कोतवाली के अलावा कोपागंज, दोहरीघाट थाने की पुलिस बल के साथ तीन थाना प्रभारी तैनात थे, लेकिन मंगलवार को दोनों थानों की पुलिस बल को हटा दिया गया।
-
शोएब ने चाबी में लगे चाकू से किया था हमला
एसपी इलामारन जी ने बताया कि शुक्रवार की शाम सुक्खू राजभर अपनी भतीजी को बाजार कराकर बाइक से घर लौट रहा था। इस बीच मझवारा मोड़ पर आरोपी शोएब की बाइक से उसकी टक्कर हो गई। इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। शोएब ने बाइक की चाबी में लगे छोटे चाकू से सुक्खू पर हमला कर दिया। इससे सुक्खू गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे सीएचसी घोसी ले जाया गया। इस बीच आरोपी शोएब और उसके साथी इलाज के लिए सीएचसी पहुंचे थे। इसी दौरान सुक्खू पक्ष से एकत्रित लोग आक्रोशित हो गए और पथराव करने लगे। पुलिस की टीम पर भी पथराव कर दिया था। सुक्खू का उपचार बीएचयू में चल रहा है।